UP: बीजेपी की जीत पर बांटी मिठाई तो मुस्लिम युवक को मिली मौत, पहले पीटा फिर छत से फेंका
कुशीनगर, 27 मार्च: यूपी के कुशीनगर में मुस्लिम युवक को बीजेपी का प्रचार करने और सरकार बनने पर मिठाई बांटने को लेकर पिटाई कर दी गई। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को उसकी मौत हो गई। युवक का शव गांव पहुंचा तो आक्रोशित परिजनों और गांव के लोगों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। एसडीम वरुण पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और जो दोषी होगा उसपर सख्त कार्यवाही की जाएगी।

घटना बीते 20 मार्च की है। मृतक युवक का नाम बाबर था। बताया गया कि 10 मार्च को यूपी में भाजपा की सरकार बनने के बाद बाबर ने पूरे गांव में मिठाई भी बांटी थी। मृतक के परिजनों के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाले पट्टीदार इस बात पर नाराज थे कि बाबर बीजेपी का प्रचार कर रहा है। वे कई बार बाबर को बीजेपी का प्रचार करने से मना कर चुके थे। आरोप है कि बाबर ने रामकोला थाने से लेकर कई अधिकारियों से सुरक्षा की गुहार लगाई, लेकिन, उसकी गुहार नहीं सुनी गई। इस वजह से दबंगों के हौसने बुलंद हो गए।
परिजनों ने बताया कि दबंगों ने बाबर को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और फिर छत से नीचे फेंक दिया। इलाज के पहले उसे जिला अस्पताल, फिर लखनऊ में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बाबर की पत्नी ने रामकोला थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मृतक का शव आज गांव में पहुंचा तो लोग आक्रोशित हो गए लोगों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। मामले की जानकारी पर क्षेत्रीय विधायक पीएन पाठक और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार करने को राजी हुए। भाजपा विद्यायक पीएन पाठक ने कहा कि आरोपियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, जिसने भी ये कृत्य किया उनकी नस्ल दोबारा ऐसा करने को नहीं सोचेगी।












Click it and Unblock the Notifications