Kota Flood : कोटा के सांगोद में बाढ़, हेलीकॉप्टर व नाव में सवार होकर पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
कोटा, 7 अगस्त। राजस्थान के हाड़ोती अंचल के कोटा जिले में आसमान से आफत बरस रही है। भारी बारिश के पहले कोटा जिले का इटावा और अब सांगोद इलाका बाढ़ की चपेट में आ गया है। एक दिन पहले पड़ोसी जिले झालावाड़ के खानपुर में भी भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हुए हैं।
Recommended Video

कोटा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का संसदीय क्षेत्र
कोटा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का संसदीय क्षेत्र है। भारी बारिश की सूचना पर कोटा सांसद ओम बिरला ने हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वे किया और नाव में सवार होकर बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों के बीच पहुंचे।
ओम बिरला ने कोटा के सांगोद का हवाई दौरा किया
खबर है कि ओम बिरला ने कोटा के सांगोद व झालावाड़ जिले के खानपुर का हवाई दौरा किया है। ये दोनों ही जगह बाढ़ से ज्यादा प्रभावित हैं। कोटा जिले में भीमसागर बांध का पानी ओवरफ्लो होने से आस-पास के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। यहां के हिंगी गांव के आवासीय विद्यालय की छत पर करीब 30 लोग फंस गए।
सांगोद कस्बे में आठ फीट तक पानी भर गया
सांगोद कस्बे में आठ फीट तक पानी भर गया है। चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। एनडीआरएफ की कई टीमें रेस्क्यू में लगी हुई हैं। एनडीआरएफ के जवानों ने बच्चों व बुजुर्गों को पीठ पर लादकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
हवाई सर्वे का एक वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर
लोकसभा अध्यक्ष व कोटा सांसद ओम बिरला ने हवाई सर्वे का एक वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर भी किया है। साथ ही लिखा कि सांगोद में जलस्तर बढ़ चुका है। चिंताजनक स्थिति है। स्थानीय प्रशासन के जरिए वे स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
सेना की भी मदद ली जा रही
खबर ये भी है कि कोटा के सांगोद कस्बे में बाढ़ की वजह से बड़ी संख्या में लोगों के फंसे होने की वजह से सेना की भी मदद ली जा रही है। कोटा जिला कलेक्टर उज्ज्वल राठौड़ व कोटा एसपी शरद चौधरी खुद सांगोद में कैम्प किए हुए हैं।
उजाड़ नदी में अचानक पानी की आवक
जानकारी के अनुसार कोटा जिले के सांगोद कस्बे में उजाड़ नदी में अचानक पानी की आवक अधिक होने की वजह से पानी तबाही मचा रहा है। साथ ही भीमसागर बांध से पानी खोलने के कारण हालात और भी बिगड़ गए। देर रात ही सेना ने यहां पर मोर्चा संभाल लिया था।












Click it and Unblock the Notifications