राजस्थान: जेके लोन अस्पताल कोटा में बच्चों की मौत का आंकड़ा बढ़ा, एक माह में 91 की मौत
कोटा। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के संसदीय क्षेत्र राजस्थान के कोटा स्थित जेके लोन अस्पताल में बच्चों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिसम्बर माह में बच्चों की मौतों का आंकड़ा 77 से बढ़कर 91 हो गया है। बीते सप्ताह ही 12 बच्चों के सांसों की डोर टूटी है। साल 2019 में यहां 940 बच्चे मरे हैं।

बता दें कि बीते सप्ताह महज 48 घंटे के दौरान दस बच्चों की मौत के बाद सुर्खियों में आए जेके लोन अस्पताल कोटा के मामले की जांच करवाने के लिए राजस्थान सीएम अशोक गहलोत ने चिकित्सा शिक्षा सचिव वैभव गालरिया को कोटा भेजा था। उन्होंने डॉ रामबाबू शर्मा, डॉ सुनील भटनागर और डॉ अमरजीत मेहता की तीन सदस्यीय कमेटी गठित की। शुरुआती जांच के आधार पर बाद जेके लोन अस्पताल अधीक्षक डॉ. एचएल मीणा को हटा दिया। उनकी जगह डॉ. सुरेश दुलारा को लगाया गया।
राजस्थान चिकित्सा शिक्षा सचिव वैभव गालरिया ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि जेके लोन अस्पताल में कई कमियां उजागर हुई हैं। इनमें साफ सफाई, वार्डों में संक्रमण और आईसीयू में ऑक्सीजन अपर्याप्त आपूर्ति व महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरणों की कमी आदि शामिल हैं। जेके लोन अस्पताल कोटा के प्रशासन को नवजात गहन देखभाल इकाई (एनआईसीयू) के लिए ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछाने के साथ- साथ अस्पताल में आवश्यक उपकरणों के लिए निवदा प्रकिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications