मेट्रो के लिए खोदी जा रही थी सुरंग, 10 घरों में आई दरार, लोगों को होटल में किया गया शिफ्ट
मेट्रो के लिए खोदी जा रही थी सुरंग, 10 घरों में आई दरार, लोगों को होटल में किया गया शिफ्ट
Kolkata Metro: कोलकाता के बऊबाजार इलाके में ईस्ट-वेस्ट मेट्रो के भूमिगत सुरंग निर्माण कार्य के दौरान 10 से ज्यादा घरों में दरारें पड़ गई हैं। ये दरारें शुक्रवार सुबह करीब 07 बजे देखी गई। घरों में दरारें देखे जाने के बाद लोग अपने-अपने घरों से बाहर आ गए और सड़क किनारे बैठ गए है। क्योंकि, उन्हें घर गिरने का डर सताने लगा था। कोलकाता मेट्रो रेल निगम (केएमआरसी) के महाप्रबंधक ने बताया कि ऐसी समस्या सामने आने के बाद 140 से अधिक लोगों को उनके घर से निकाल कर पास के होटलों में शिफ्ट किया जा चुका है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बऊबाजार के मेट्रो सुरंग में काम के दौरान पानी का रिसाव होने के कारण मदन दत्ता लेन के कई घरों में शुक्रवार सुबह बड़ी दरारें देखी गई। करीब दर्जन भर घरों में दरार देखे जाने के बाद इलाके के लोग डर से घरों से निकल गए। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, घरों में दरारें आने की सूचना मिलते ही निर्माण एजेंसी कोलकाता मेट्रो रेल कारपोरेशन लिमिटेड (केएमआरसीएल) समेत कोलकाता नगर निगम व पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
घर टूटने की घटना को लेकर लोग दहशत में हैं और अपने-अपने घरों को छोड़कर सड़क पर आ गए। इस दौरान केएमआरसी के महाप्रबंधक ने बताया कि अभी तक करीब 140 लोगों को पास के होटलों में शिफ्ट किया जा चुका है। साथ ही, केएमआरसीएल ने 100 वर्ग फीट तक के क्षतिग्रस्त के लिए एक लाख रुपये और 100 वर्ग फीट से अधिक क्षतिग्रस्त के लिए पांच लाख रुपये मुआवजा देने का भी ऐलान किया है। वहीं, पानी के रिसाव को रोकने के प्रयास जारी हैं।
घरों में दरारें पड़ने की जानकारी मिलते ही स्थानीय तृणमूल विधायक नयना बंद्योपाध्याय, बीजेपी के पार्षद सजल घोष और लेफ्ट के वरिष्ठ नेता मोहम्मद सलिम घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ितों से बातचीत कर हर सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान तृणमूल विधायक नयना बंधोपाध्याय ने कहा, 'अब तक यह काम बंद था, लेकिन फिर जैसे ही मेट्रो ने काम शुरू हुआ वैसे ही दरारें पड़ने शुरू हो गई। हमें अब तक पता नहीं कि भीतर कब तक मिटटी स्थिर होगी। हमारी अपील है कि मेट्रो प्रबंधन कुछ बताए कि क्या स्थिति है।'












Click it and Unblock the Notifications