17 वर्षीय किशोरी के साथ बर्बरता: पहले गैंगरेप, फिर वीडियो वायरल, फिर हत्या कर शव उसी की चौखट पर फेंका
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक 17 वर्षीय युवती के साथ उसी के प्रेमी ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी। उसने पहले अपने एक साथी के साथ मिलकर किशोरी का गैंगरेप किया, वीडियो बनाया और फिर वीडियो वायरल कर दिया। वहीं जब युवती उसके घर वीडियो वायरल करने का विरोध करने गई तब उसने और उसके परिजनों ने मिलकर युवती का गला घोंटकर मार दिया और शव को उसी के घर के बाहर फेंक दिया।
उधर, घटना की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच पड़ताल में जुट गई। मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। छानबीन के दौरान फॉरेंसिक टीम ने आरोपी के घर के बाहर से मृतक किशोरी के टूटे हुए बाल और चूड़ियां बरामद की हैं। साथ ही परिजनों ने पुलिस को नामजद तहरीर दी है। आरोपियों के घर पर दबिश दी गई है। सभी फरार हैं।

किशोरी का गैंगरेप, वीडियो किया वायरल
दरअसल, पूरा मामला कौशांबी जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव का है। पीड़ित परिवार गांव में एक झुग्गी बनाकर रहता है। इस झुग्गी में माता-पिता और 3 बहनें रहती थी। मृतक की मां और बाप दोनों मजदूरी करते हैं। आरोप है कि बुधवार को पड़ोस में रहने वाले जय सिंह और महेंद्र सिंह ने मिलकर लड़की का रेप किया और वीडियो भी बना लिया। इसके बाद वीडियो गुरुवार को वायरल कर दिया।
विरोध करने पर लड़की के साथ बर्बरता
वहीं जब लड़की आरोपियों के घर पहुंची और वीडियो डिलीट करने की बात कही, तो आरोपी और उसके घर वालों ने लड़की को पकड़ लिया। पीड़िता की बड़ी बहन ने बताया कि "जय सिंह भी वहां मौजूद था। सभी ने मेरी बहन को पहले जमकर पीटा, इसके बाद उसको मार डाला। वो लोग बहन को मरी हालत में ही घर की चौखट पर फेंककर भाग गए।''
मौके से मिले किशोरी के टूटे हुए बाल और चूड़ियां
जिसके बाद हत्या की सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई साक्ष्य इखट्टे किए हैं। मृतक किशोरी के घर और आरोपी के घर के बाहर से टूटे हुए बाल और चूड़ियों की बरामदगी हुई है। आरोपी के घर पर भी दबिश दी गई है। वहीं पड़ोसियों से भी पूछताछ की गई है। पूछताछ के दौरान पता चला कि मृतक किशोरी और आरोपी जय सिंह के बीच लव अफेयर चल रहा था। दबी जुबान पड़ोसियों ने वीडियो वायरल होने की बात तो कही, लेकिन पुलिस को किसी प्रकार का वीडियो फिलहाल नहीं मिला है।
आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी
उधर, घटनास्थल पर महिलाओं की भीड़ बढ़ती देख महिला थाना प्रभारी सहित दर्जनों महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। एएसपी समर बहादुर ने कहा कि परिजनों ने तहरीर दी है। आरोपियों के घर पर दबिश दी गई है। सभी फरार हैं। वायरल वीडियो वाली बात की पुष्टि नहीं हो सकी है। किशोरी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट से रेप और हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। जो भी सत्यता सामने आएगी, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications