Kaushambi: ये कैसा क्रूर पिता? ज्यादा रोने पर डेढ़ माह के मासूम को जमीन पर पटक कर मार डाला
यूपी के कौशांबी जिले में एक शराबी पिता की क्रूरता का बेहद ही सनसनीखेज मामला सामने आया है। रात में डेढ़ माह के बच्चे के रोने पर उसने अपने मासूम को जमीन पर पटक-पटककर मार डाला। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। सुबह घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
डेढ़ माह के मासूम की रोने पर हत्या
बता दें कि पूरी घटना सैनी कोतवाली क्षेत्र के केसारी गांव की है। एएसपी समर बहादुर सिंह ने बताया कि केसारी गांव में एक पिता ने अपने डेढ़ माह के मासूम बच्चे की जमीन पर पटक कर हत्या कर दी। इस संबंध में मृतक बच्चे की मां मुस्कान कुशवाहा की तहरीर पर आरोपी पति रवि कुमार मौर्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

बच्चे को पत्नी से छीनकर घर लाया था हत्यारा बाप
जानकारी के मुताबिक केसारी गांव के रहने वाला रवि कुमार मौर्य ने गांव की ही मुस्कान कुशवाहा से प्रेम विवाह किया था। डेढ़ महीने पहले मुस्कान कुशवाहा ने एक बच्चे को जन्म दिया। उसका पति रवि कुमार शराब का आदि है। वह आये दिन पत्नी के साथ शराब के नशे में मारपीट करता था। पति से तंग आकर उसकी पत्नी अपने मायके चली गई। गुरुवार की शाम रवि कुमार मौर्य पत्नी को बुलाने ससुराल पहुंचा था। जब उसकी पत्नी नही आई तो वह डेढ़ माह के बच्चे प्रियांशु को उसकी गोद से छीनकर घर चला आया।

जमीन पर पटक-पटक कर मारा डाला
इसके बाद रात करीब 10:30 बजे बच्चे के रोने की वजह से उसने जमीन पर पटक-पटक कर उसे मारा डाला और मौके से फरार हो गया। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद उसकी मां घर पहुंची। वह अपने कलेजे के टुकड़े का लहूलुहान शव देखकर दहाड़े मारकर रोने लगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी पिता की तलाश शुरू कर दी।












Click it and Unblock the Notifications