SDM से भी दो कदम आगे; पति ने बनाया टीचर, दरोगा के साथ हुई फरार, बच्चों के DNA टेस्ट ने खोले राज
देशभर में चर्चित एसडीएम ज्योति मौर्य व होमगार्ड कमांडेंट मनीष दुबे के अफेयर जैसा ही मामला यूपी के कौशांबी ज़िले से भी सामने आया है। यहां एक पूर्व वायु सेना कर्मी की पत्नी का अफेयर इलाके में तैनात एक दरोगा से हो गया। इसके बाद टीचर अपने पति और 2 बच्चों को छोड़कर दरोगा के साथ रहने लगी। इससे परेशान वायु सेना कर्मी को अपने बच्चों की देखभाल के लिए नौकरी से VRS लेना पड़ा। काफी कोशिशों के बाद जब पत्नी नहीं मानी तो पूर्व सैन्यकर्मी अब एसपी से न्याय की गुहार लगाने पहुंचा है।
शादी के बाद पढ़ने की इच्छा
बता दें कि पूरा मामला कौशांबी के मोहब्बतपुर पइंसा के विविनियापुर का है। यहां के रहने वाले शरद कुमार पाण्डेय पुत्र स्व. सूर्यबली पाण्डेय भारतीय वायु सेना में सैनिक के पद पर कार्यरत थे। उनकी शादी साल 2005 में लखनऊ की अनुपमा से हुई थी। शादी के बाद अनुपमा अपने पति के घर मोहब्बतपुर पइंसा में रहती थी। वहीं शरद से अनुपमा ने शादी के बाद पढ़ने की इच्छा जाहिर की तो शरद ने उन्हें पढ़ाया।

शिक्षा विभाग में मिली पत्नी को नौकरी
शरद के मुताबिक, उनके और अनुपमा के 2 बच्चे हुए। उधर, 2010 में अनुपमा को शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक की नौकरी मिल गई। इसकी जानकारी मिलते ही घर में खुशियों का ठिकाना नहीं रहा क्योंकि अब दोनों लोग सरकारी जॉब में थे। सोचा था कि परिवार खुशहाल हो गया। अब उन्हें किसी भी चीज की कमी नहीं होगी। लेकिन ये खुशियां बहुत दिन तक नहीं टिक सकीं।

ससुराल में झगड़ा कर बच्चों को लेकर अलग रहने लगी पत्नी
पीड़ित पति ने बताया कि उसकी पत्नी की पोस्टिंग पूरमुफ्ती के बिहका गांव के सरकारी स्कूल में हुई। लेकिन पत्नी ने नौकरी पाने के बाद खुद को ससुराल से अलग करना शुरू कर दिया। साल 2013 में वह ससुराल में झगड़ा कर बच्चों को लेकर प्रयागराज के राजरूपपुर मोहल्ले में रहने लगी। इसके बाद शरद एक बार जब छुट्टी लेकर घर आया तो उससे मिलने गया। लेकिन उसने मिलने से मना कर दिया।
दरोगा के साथ पत्नी के अवैध संबंध
शरद ने बताया कि उसी दौरान राजरूपपुर पुलिस चौकी में लखनऊ का रहने वाला एक दरोगा तैनात था। जिसकी वर्तमान में तैनाती चौकी टेवा थाना मंझनपुर में है। दरोगा और अनुपमा के बीच चल रहे अवैध संबंध का खुलासा साल 2015 में हुआ। जब अनुपमा के नाम खरीदी गई सवा करोड़ की जमीन में से 25 लाख की जमीन उसने शरद को बिना बताए चोरी से बेच दी।

दरोगा और अनुपमा के अश्लील चैट और आपत्तिजनक फोटो
उसी दौरान जब शरद घर गया और शक होने पर अनुपमा से मिलने उसके कमरे पर गया तो इस बार अनुपमा ने शरद से मिलने से मना नहीं किया। जब शरद कमरे पर पहुंचा और पत्नी का मोबाइल चेक किया तो उसमें दरोगा और अनुपमा के अश्लील चैट और आपत्तिजनक फोटो देख कर दंग रह गया। ये देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
अवैध संबंध से पैदा हुई बेटी, डीएनए टेस्ट का दावा
जब मैंने जमीन बेचने और अश्लील फोटो के बारे में पूछा तो दरोगा और पत्नी दोनों ने शरद को परेशान करना शुरू कर दिया। उसे धमकी देने लगे। शरद के मुताबिक ये सब होने के बाद भी वो चुप रहा और दोनों बच्चों को ले आया। शरद का दावा है कि उसकी पत्नी अनुपमा को 21 मई 2015 को एक बेटी हुई जो दरोगा के अवैध संबंध से पैदा हुई है। जिसका उसने डीएनए टेस्ट भी कराया। उसकी रिपोर्ट भी शरद के पास है।

डिप्रेशन के कारण पिता की मौत
शरद का कहना है कि बहू की हरकत के चलते सामाजिक प्रताणना के कारण पिता सूर्यबली का डिप्रेशन के कारण 2017 में निधन हो गया। अब उसके घर में बच्चों को देखने वाला भी कोई नहीं बचा तो मजबूरी में दोनों बच्चों की परवरिश के लिये शरद ने वायु सेना की नौकरी से 38 साल की उम्र में VRS ले लिया। अब वो अपने 15 साल के बेटे और 13 साल की बेटी को लेकर रह रहा है।
पुलिस से न्याय की गुहार
वहीं शरद ने एसपी बृजेश श्रीवास्तव से मिलकर दरोगा अजीत कुमार सिंह पर अनुपमा के नाम बची जमीन बिकवाने और जानलेवा हमला करवाने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाकर शिकायती पत्र दिया है। शरद का कहना है कि दरोगा को उसकी पत्नी छोड़कर चली गई है। उसका 20 साल का बेटा भी है जो उसके साथ नहीं रहता है। दरोगा अपनी पत्नी को साथ नहीं रख पाया है और अब उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध बनाकर रह रहा है। जिसपर विभागीय कार्रवाई की जाए।

उधर, इस मामले में एसपी बृजेश श्रीवास्तव का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई करेंगे। एसपी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच एडिशनल एसपी समर बहादुर को सौंपी है। उनका कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के उपरांत ही गुणदोष के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications