Katni News: दलित महिला की पिटाई का मामला, पीड़िता ने बताई सच्चाई, GRP पुलिस प्रशासन ने लिया एक्शन
Katni Viral Video News: कटनी के जीआरपी थाने में महिला और नाबालिग के साथ की गई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। वीडियो में पीड़ित महिला के साथ हुई बर्बरता की घटना को लेकर पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की है। मामले में पीड़िता का भी बयान सामने आया है।
पीड़ित महिला ने बताया कि उनके आरोपी बेटे की वजह से पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी, लगातार मारते रहे। जब तक हम पूरी तरह बेसुध नहीं हो गए, तब तक पुलिस मारती रही। जिसकी वजह से हम करीब एक सप्ताह तक अस्पताल में भर्ती रहे।

महिला का आरोप
Recommended Video
वीडियो में पीड़ित महिला ने अपनी आपबीती साझा करते हुए कहा, "पुलिस मुझे ले गई और बताया कि वरिष्ठ अधिकारी ने मुझे बुलाया है। वहां पहुंचने पर मुझसे पूछा गया कि मेरा बेटा कहां है। मैंने कहा कि मुझे नहीं पता, और उनसे कहा कि उन्हें ले आओ। इसके बाद, सभी दरवाजे और खिड़कियां बंद कर दी गईं और मुझे प्लास्टिक के डंडों से पीटा गया। पूरी रात मुझे पीटा गया। जब मैंने पानी मांगा, तो मुझे फिर मारा गया। मेरा पोता मेरे साथ था, उसे कहीं और ले जाया गया और पीटा गया।"

पुलिस की सफाई
मध्य प्रदेश पुलिस ने इस घटना को लेकर ट्वीट किया, "सोशल मीडिया के माध्यम से जीआरपी पुलिस स्टेशन कटनी में दुर्व्यवहार का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो अक्टूबर 2023 का है। घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी को जीआरपी पुलिस लाइन जबलपुर से अटैच कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने डीआइजी स्तर के अधिकारी को कटनी जाकर घटना की जांच करने का आदेश दिया है।"
घटना की जांच
पुलिस मुख्यालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआइजी स्तर के अधिकारी को कटनी भेजकर घटना की पूरी जांच कराने का आदेश दिया है। इस जांच में पीड़ित महिला और नाबालिग के साथ की गई कथित बर्बरता की सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित प्रतिक्रिया दी है, लेकिन इस घटना ने कटनी में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है।

चंद्रशेखर आजाद ने इस घटना पर लिखा कि, "यही है भाजपा के कुशासन का असली दलित प्रेम। जिसमें चोरी के नाम पर किसी भी असहाय परिवार से नाबालिग बच्चे और बुजुर्ग मां को उठा लो, फिर उन पर अपनी वर्दी की भड़ास निकाल दो।" उनके ट्वीट ने भाजपा और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और दलितों के खिलाफ हो रहे कथित अत्याचार पर चिंता जताई है।
कांग्रेस की प्रतिक्रिया
कांग्रेस ने भी इस मामले को लेकर ट्विटर पर पोस्ट किया, "सीएम साहब! कब रुकेगा दलितों पर अत्याचार। मुख्यमंत्री मोहन यादव, क्या आप यह बताने का कष्ट करेंगे कि आखिर मप्र में हो क्या रहा है? कटनी जीआरपी थाने में दलित परिवार के 15 साल के बच्चे और उसकी मां के साथ थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ की क्रूरता आत्मा को झंझोड़ कर रखने वाली घटना है। सवाल यह है कि इन लोगों में यह हिम्मत आई कहां से? क्या आपकी उदासीनता से या आपने ऐसे कृत्य की छूट दे रखी है? शर्मनाक कृत्य!!"












Click it and Unblock the Notifications