कानपुर: स्कूल से घर वापस लौट रही 8वीं की छात्रा को टीचर ने मारी गोली, मौत
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां स्कूल से वापस घर लौट रही छात्रा आठवीं की छात्रा को बाइक सवार शिक्षक ने अपने एक साथी की मदद से अगवा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने छात्रा को गोली मार दी। गर्दन में गोली लगने से छात्रा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को इलाज के अस्पातल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं, घटना से गुस्साए लोगों ने स्कूल में तोड़फोड़ की।

जानकारी के अनुसार, वारदात 24 अक्टूबर की है, अनामिका (13) कालेज से अर्द्धवार्षिक परीक्षा देकर अपने गांव बहबलापुर लौट रही थी। गांव से एक किलोमीटर पहले अपने साथी के साथ खड़े उडनवापुर निवासी शैलेंद्र सिंह राजपूत ने अनामिका को पकड़कर जबरन बाइक में बैठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसे डराने के लिए हवाई फायरिंग कर दी। फिर भी न मानने पर अनामिका को गोली मार दी। अनामिका को लहूलुहान हालत में जमीन पर गिरा देख पीछे से आ रहे छात्र-छात्राओं ने शोर मचाया। इस पर शैलेंद्र सिंह अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
छात्र ने अनामिका के परिजनों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां से गंभीर हालत में उसे इटावा के पीजीआई इंस्टिट्यूट रिफर कर दिया गया। शाम को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात की सूचना पाकर ग्रामीण भड़क गए और भारी तादाद में स्कूल पहुंच गए। कुछ कुर्सियां तोड़ने के बाद उन्होंने स्कूल कर्मचारियों को भी पीटा। पुलिस ने मौके पर पहुंच हालात संभाले। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में गणित के टीचर शैलेंद्र राजपूत ने कई बार अनामिका को मोबाइल पर अभद्र मेसेज भेजे थे। स्कूल प्रशासन ने शिकायत के बाद शैलेंद्र को अगस्त में नौकरी से निकाल दिया गया था। पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स की मानें तो छात्रा के परिजनों ने पूर्व शिक्षक के खिलाफ नामज तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है, दोनों आरोपियों को जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications