कानपुर: दबंग ने फाड़े किशोरी के कपड़े, शराब से नहलाया, थाने पहुंची तो मिला ये जवाब
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले एक 15 साल की नाबालिग पीड़िता न्याय की तलाश में पुलिस की चौखटों के पिछले ढाई महीने से चक्कर लगा रही है। लेकिन उसकी कोई सुनवाई अभी तक नहीं हो सकी है। दरअसल, उसके साथ कुछ दबंग युवकों ने घर में घुसकर रेप की कोशिश की। उसके कपड़े फाड़े और उसे शराब में नहलाया। इतना ही नहीं, दबंग युवकों ने उसके बाल पकड़कर जमीन पर घसीटा। गनीमत रही कि मोहल्ले के कुछ लोग पहुंच गए और वह बच गई।

इस घटना की शिकायत लेकर जब पीड़िता अपने बूढ़े नाना-नानी के साथ काकादेव थाना पहुंची तो उल्टे थानेदार से लेकर चौकी इंचार्ज तक बच्ची से अभद्रता से पेश आए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 15 वर्षीय पीड़ित के माता-पिता नहीं हैं, वह नाना-नानी के साथ रहती है। पीड़िता के मुताबिक क्षेत्र के ही कुछ दबंग युवकों ने 15 जून को उसे घर में दबोच लिया। कपड़े फाड़ डाले और दुष्कर्म की कोशिश की और शराब से नहला दिया। इस बीच मोहल्ले के लोग आ गए तो इज्जत बच गई। किशोरी के मुताबिक इन दबंगों की वजह से उसे पढ़ाई छोडऩी पड़ी थी।
आरोप है कि वह शिकायत लेकर थाने पहुंची तो पुलिस अधिकारी ने कहा कि कहा कि तू जब भी यहां एप्लिकेशन लेकर आती है तो तेरे साथ रेप ही होता है। इतना ही नहीं थानेदार ने लड़की को धमकी दी और कहा कि तू कितनी सुंदर है चल बैठ मेरी जीप में, तुझे पूरा कानपुर घुमाता हूं, देखता हूं, तेरी मर्जी के बगैर कौन तुझे छेड़ता है और कौन तेरे साथ रेप करने की कोशिश करता है। नाना का एक पैर खराब है वो ठीक तरह से चल नहीं सकते। बावजूद इसके वो अपनी बच्ची की सुरक्षा के लिए एसएसपी के दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं।
परिवार का आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ मारपीट की धाराओ में एफआईआर लिखी है। जबकि इलाके का दबंग शनि अकसर लड़की के साथ छेड़छाड़ करता है और रेप तक करने की कोशिश कर चुका है। पुलिस की इस ढिलाई की वजह से दबंग शनि लड़की के घर पर आकर नाना-नानी को मारता है और रेप की धमकी देता है। इस मामले पर एसपी वेस्ट अनिल कुमार का कहना है कि एक बच्ची ने शिकायत की है। मैंने एक महिला चौकी इंचार्ज और थानेदार को लड़की की शिकायत पर कार्रवाई का आदेश दिया है पुलिस कर्मियों की अभद्रता वाली बातों की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications