सैफई से लौट रहे अखिलेश को रास्ते में दिखा जख्मी युवक, काफिला रोककर भिजवाया अस्पताल
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर पड़े घायल शख्स को देख अपनी फ्लीट रुकवाई और पुलिस की गाड़ी से उसे अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वह उसके परिजनों को सूचित कर जानकारी दे।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के मुखिया अखिलेश यादव सैफई से होली मनाकर लखनऊ वापस जा रहे थे। तभी लखनऊ आगरा एक्सप्रेस-वे से गुजरते समय तालग्राम के करीब रास्ते में एक बाइक सवार जख्मी हालत में पड़ा कराह रहा था। यह देख अखिलेश ने अपनी गाड़ी रुकवाई। उसकी हालत देखकर उसे अपने साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों की गाड़ी से मेडिकल कॉलेज भिजवाया।

मेडिकल कॉलेज में उसके पास से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान छिबरामऊ के रणधीरपुर निवासी रंजीत शर्मा के रूप में हुई। वह छिबरामऊ से कानपुर जा रहा था। तालग्राम से एक्सप्रेस-वे पर आने के बाद किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी और भाग निकला।
छिबरामऊ के रणधीरपुर निवासी रंजीत शर्मा का इलाज मेडिकल चल रहा है, जहां डॉक्टरों का कहना है कि उसे जल्द ही डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। सपा मुखिया की संवेदनशीलता देखकर उनके साथ पीछे चल रहे पार्टी नेता भी सक्रिय हो गए। घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के दौरान वह भी साथ रहे।












Click it and Unblock the Notifications