अभिनेता सलमान खान के साथ घोड़े की फोटो दिखाकर राजस्थान में महिला से ठगे लाखों रुपए
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर के घांचियों की ढाणी सांगरिया बासनी निवासी संतोष भाटी के साथ अभिनेता सलमान खान के घोड़े नाम पर लाखों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार धोखाड़ी का शिकार हुई महिला पशुपालन-दुग्ध उत्पादन का कार्य करती है। वह भैंस खरीदने के लिए अक्सर अजमेर-पुष्कर आती-जाती रहती है। वहां उसका ढाई वर्ष पूर्व संपर्क राजप्रीत एवं प्रीत से हुआ। उन्होंने उसे चार माह का सफेद रंग का घोड़े का बच्चा सत्तर हजार रुपए में दिलवाया।

ढाई वर्ष पूर्व बेचे घोड़े को खरीदने का प्रस्ताव
इसके बाद जनवरी 2020 में महिला द्वारा प्रीत से भैंस खरीदने की इच्छा व्यक्त की। तब उसने चार भैंस छह लाख रुपए में भटिण्डा, हरियाणा से दिलवाई। इसके बाद जून 2020 में राजप्रीत के मित्र राहुल ने फोन कर ढाई वर्ष पूर्व बेचे घोड़े को खरीदने का प्रस्ताव दिया। महिला ने घरवालों से पूछकर तेरह लाख रुपए में बेचने को कहा। तब राहुल द्वारा अपने कमीशन की बात कर घोड़ा सरदार को बेचने को कहा और घोड़ा बीस लाख रुपए में बिकवाने का प्रस्ताव देकर अपना कमीशन तय कर उन्नीस लाख रुपए में घोड़ा सरदार ने खरीदना तय किया।

पांच और घोड़े खरीदने की बात
उस समय सरदार ने पांच और घोड़े अपने फार्म हाउस पर खरीदने की बात कही, चूंकि महिला के पास घोड़े नहीं थे तो उसने मना कर दिया। सरदार की अनुपस्थिति में राहुल ने महिला को राजप्रीत से बात करने को कहा। राजप्रीत ने चार घोड़े खरीदने और फोटो भेजने की बात कही। बाद में वो फोटो सरदार को दिखाए। जिसमें से सरदार ने एक घोड़ा 30 लाख रुपए में खरीदना तय किया।

निर्भय सिंह को बताया सलमान खान का करीबी मित्र
महिला को लालच देकर सबने कहा कि आप मौखिक रूप से सरदार से घोड़ा बेचना तय कर लो। हम घोड़ा तेरह लाख रुपए में खरीदकर ले आएंगे। मुनाफा आपस में बांट लेंगे। उस समय घोड़े के मालिक का नाम निर्भय सिंह बताया। और कहा कि निर्भय सिंह फिल्म स्टार सलमान खान का करीबी मित्र है, जो सलमान खान के पनवेल फार्म हाउस पर घोड़े सप्लाई करता है। सलमान खान को भी घोड़े रखने का शोक है। इस सिलसिले में निर्भय सिंह सलमान खान पनवेल स्थित फार्म हाउस पर आता-जाता रहता है। वो उनका पारिवारिक सदस्य है। अभी भी वो सलमान खान के फार्म हाउस से घोड़े लेकर पंजाब जा रहा है। आप निर्भय सिंह से बात कर लो। महिला के बात करने पर निर्भय सिंह ने जोधपुर आने से मनाकर नागौर की लोकेशन भेजकर घोड़ा आकर ले जाने को कहा।

घोड़े की डिलीवरी जोधपुर लेना तय
महिला व उसके परिवार के सदस्य व अन्य सभी गाड़ी में बैठकर रात को नागौर से 36 किलोमीटर आगे रामबाग होटल (ढाबा) पहुंचे। घोड़ा देखा और उसी समय वीडियो काॅल कर सरदार को भी घोड़ा दिखाया। सरदार ने घोड़ा पसन्द किया। उस समय घोड़े की डिलीवरी जोधपुर लेना तय किया। महिला ने एक लाख रुपए नगद एवं ग्यारह लाख साठ हजार रुपए का चेक दिया।

50 लाख में सौदा हुआ तय
तब तय हुआ कि घोड़ा देकर चेक वापस दो और नगद राशि लेकर डिलीवरी दी जाएगी। अगले दिन राहुल व अन्य ने सरदार को फोन कर दोनों की कीमत 50 लाख रुपए में सौदा तय कर जोधपुर आने को बोला। महिला ने निर्भय सिंह को जोधपुर बुलाया पर उसने बेटी के जन्मदिन होने का बहाना बनाकर जोधपुर आने से इनकार कर दिया।

पैसों की व्यवस्था नहीं होने की बात कही
उसने कहा कि आप रुपए नागौर लाकर दो और घोड़ा ले जाओ। महिला के पास रुपयों की व्यवस्था न होने पर उसके द्वारा सरदार के आने पर रुपए देने की बात कही। उस समय महिला ने स्पष्ट कहा कि रुपयों की की व्यवस्था नहीं हो रही है। न ही मुझे घोड़ा खरीदना है। मुझे मेरे रुपए व चेक वापस कर दो। तब राहुल व अन्य ने कहा कि सरदार जब आए तो आप बोल देना कि घोड़ा मेरे देवर के यहां हैं और बीस लाख रुपए मांग लेना। मैं आपको दिलवा दूंगा।

रुपए लौटने से किया इनकार
महिला के रुपए मांगने पर सरदार ने घोड़ा देखे बगैर रुपए देने से मना कर दिया। इसी बीच निर्भय सिंह व राजप्रीत का भी फोन आया। राहुल से बात करने पर उसने पैसे लेकर घोड़ा ले जाने को कहा। तब राहुल ने महिला को यह भी प्रस्ताव दिया कि आप अपनी भैंस व घोड़ा निर्भय सिंह को दे दो और घोड़ा ले लो। फिर जब महिला को ज्ञात हुआ कि सलमान खान के घोड़े को लाखों में बेचने का लालच देकर उसके साथ धोखाधड़ी की जा रही है। तब उसने निर्भय सिंह को फोन कर चेक लौटाने को कहा परन्तु निर्भय सिंह, राजप्रीत व अन्य ने चेक व राशि नहीं लौटाई। महिला द्वारा बैंक में स्टाॅप पेमेंट करने के दौरान निर्भय सिंह ने बैंक में चेक प्रस्तुत कर अनादरित करवा दिया और लगातार उसकी भैंस व घोड़ा देने के लिए डराया-धमकाया गया।

मामला दर्ज कर कार्रवाई के आदेश
अधिवक्ता प्रवीण दयाल ने बताया कि महिला द्वारा न्यायालय में अभियुक्तगण का हुलिया व विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए ब्लेकमेलिंग, धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत, जान से मारने की धमकी सहित षड़यंत्र रचने का परिवाद प्रस्तुत किया है। जिसे थाना भेजकर अभियुक्त निर्भय सिंह, राजप्रीत उर्फ राजविन्दर सिंह, प्रीत, राहुल, मुसलमान व सरदार सहित अन्य के विरूद्ध अनुसंधान दर्ज कर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications