पटवारी बनी बहन को ज्वाइन करवाने जा रहा था भाई, रास्ते में युवक ने कार से रौंदकर की दोनों की हत्या
जोधपुर में बाइक सवार भाई बहन रमेश पटेल व कविता की एक्सीडेंट में मौत
जोधपुर, 19 जुलाई। राजस्थान के जोधपुर में एक्सीडेंट में मौसेरे भाई-बहन की मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दोनों की हत्या की गई थी। फिर वारदात को एक्सीडेंट का रूप दिया गया। सोमवार सुबह नौ बजे हुए एक्सीडेंट में जान गंवाने वालों की शिनाख्त सर गांव निवासी रमेश पटेल (28) अपनी मौसेरी बहन कविता (25) के रूप में हुई है। कविता पटवारी पद पर नौकरी लगी थी। सोमवार को रमेश उसे ड्यूटी ज्वाइन करवाने के लिए बाइक पर सवार होकर जा रहे थे।

मीडिया से बातचीत में DCP पश्चिम गौरव यादव ने बताया कि शंकर पटेल की रमेश पटेल से दुश्मनी थी। रमेश की जान लेने के लिए 1 महीने पहले शंकर ने राकेश माली, राकेश सुथार और सोहन पटेल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। वह कई दिनों से इनकी रैकी कर रहे थे। सोमवार को भी रमेश की रैकी की गई। फिर शंकर के साथी ने रैकी कर बताया कि रमेश घर से रवाना हो गया। इस पर गांव के बाहर निकलते ही एसयूवी से आरोपियों ने दोनों को रौंद कर हत्या कर दी।
डीसीपी यादव की मानें तो आरोपी कई दिन से रमेश को मारने की प्लानिंग कर रहे थे। कई बार उसकी रैकी की। पहले प्लानिंग फेल हाे गई थी। रमेश की हत्या को सड़क हादसा बताने के लिए राकेश माली के नाम से सेकेंड हैंड कार खरीदी थी। इसका फाइनेंस शंकर पटेल ने किया था। उन्होंने बताया कि यह मर्डर पूरी तरह से प्री-प्लान्ड था।
उधर, हादसे के बाद रमेश व कविता के परिजनों ने सोमवार को जोधपुर के एमडीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के अनुसार वारदात हुई तब वे खेत में काम कर रहे थे। आरोपियों ने सड़क किनारे मोड पर रमेश का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने वहां बैठकर केले भी खाए।
फिर जब रमेश व कविता मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तो रमेश ने बाइक नहीं रोकी तो वे जोर-जोर से चिल्लाकर बाइक रोकने को बोलते रहे और पीछे से जान बूझकर कार से टक्कर मारी और दोनों को घसीटते हुए 200 मीटर तक ले गए। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications