सोशल मीडिया पर वायरल मीम ने ली बुजुर्ग की जान, कौन थे 'भंगार लेवणो है कांई'वाले प्रतापराम?
Bhangar lewno hai kain Viral meme: सोशल मीडिया पर वायरल मीम ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। लोग बुजुर्ग को 'भंगार लेवणो है कांई' बोल-बोलकर चिढ़ाने लगे थे। ऐसे में उसने सबके सामने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हर किसी को झकझोर देने वाला यह मामला जोधपुर के लोहावट इलाके का है।
जानकारी के अनुसार बाड़मेर जिले के चौहटन पुलिस थाना इलाके के 53 वर्षीय प्रतापराम जोधपुर के लोहावट में कबाड़ी का काम करते थे। ये ठेले पर कबाड़ लेकर रास्ते में जा रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने प्रतापराम का वीडियो बनाया और इंस्टाग्राम पर डाल दिया। कैप्शन लिखा-'भंगार लेवणो है कांई (कबाड़ लेना है क्या)'

बुजुर्ग का यह वीडियो तेजी से शेयर हुआ। इसके बाद स्थानीय लोग और युवक बुजुर्ग को 'भंगार लेवणो है कांई' कहकर चिढ़ाने लगे। लोगों को चिढ़ाने से परेशान होकर रविवार को बुजुर्ग ने लोगों को लताड़ा और उनके पीछे दौड़े। इसके बावजूद लोग नहीं माने। प्रतापराम ने लोहावट में फलोदी स्टेट हाईवे के पास ठेला छोड़ पेड़ पर चढ़कर लोगों की मौजूदगी में फंदा लगाकर जान दे दी। जैसे ही बुजुर्ग ने फंदा लगाया तो वहां मौजूद लोग उन्हें बचाने की बजाय घबराकर भाग गए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लोगों से परेशान होकर प्रतापराम पेड़ पर चढ़कर फंदा लगाने की तैयारी कर रहे थे। तब भी कुछ युवक बुजुर्ग को उस वीडियो को लेकर परेशान कर रहे थे और उन्हें चिढ़ा रहे थे। फंदा लगाने के दौरान बुजुर्ग कह रहे थे कि अब ले लेना मजे और इसके बाद फंदे पर लटक गए। उससे पहले बोले कि लो अब ले लो मजे।
बता दें कि प्रतापराम पिछले 6-7 साल से अपने घर से दूर खानाबदोश की तरह रह रहे थे। वे लंबे समय से भंगार का काम करते थे। उनके 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। सभी शादीशुदा हैं। प्रतापराम दिमागी तौर पर डिस्टर्ब भी थे। उनके दोनों बेटे गुजरात में काम करते हैं। उन्हें घटना की जानकारी दे दी है।












Click it and Unblock the Notifications