लाठीचार्ज के विरोध में आज BJP का झारखंड बंद, रांची में विधानसभा घेराव बेअसर, CBI जांच पर अड़े छात्र
Ranchi Protest: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर छात्रों का आंदोलन 17वें दिन भी जारी है। सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के बाद विवाद और बढ़ गया। इस कार्रवाई के विरोध में बीजेपी ने 11 अगस्त को झारखंड बंद का ऐलान किया है।
वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए उनकी मांगों पर गंभीरता से काम करने का भरोसा दिया। दूसरी ओर, छात्र CBI जांच की मांग पर अड़े हैं। इस बीच JPSC के पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते की CID गिरफ्तारी ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

बीजेपी ने 11 अगस्त को झारखंड बंद बुलाया
छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी ने मंगलवार, 11 अगस्त को झारखंड बंद का ऐलान किया है। सोमवार को बीजेपी नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हेमंत सोरेन सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। बीजेपी का कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना गलत है। पार्टी ने झारखंड की जनता से बंद को सफल बनाने की अपील की है। इससे पहले विधानसभा घेराव के दौरान बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसके बाद सियासी टकराव और तेज हो गया।
ये भी पढे़ं: Ranchi: 10 घंटे-4 बार छात्रों पर लाठीचार्ज? कंटीले तारों से लहूलुहान! Devendra Nath Mahto अस्पताल में भर्ती
विधानसभा घेराव में पुलिस से भिड़े छात्र
JPSC-JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी के विरोध में सोमवार (10 अगस्त 2026) को बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन कई छात्र विधानसभा के गेट तक पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। कार्रवाई के दौरान कई छात्र और पुलिसकर्मी घायल हुए। हालात बिगड़ने के बाद सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटा दिया। देर शाम अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हेमंत सोरेन ने छात्रों से की शांति की अपील
विधानसभा घेराव और पुलिस कार्रवाई के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में छात्रों को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है और सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से सुन रही है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि परीक्षा व्यवस्था को ज्यादा पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ मंत्री लगातार छात्रों से बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, सोरेन ने कुछ विपक्षी नेताओं पर आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया और छात्रों से किसी के बहकावे में नहीं आने की अपील की।
JPSC के पूर्व चेयरमैन गिरफ्तार, CBI जांच पर अड़े छात्र
छात्र आंदोलन के बीच JPSC के पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते की CID गिरफ्तारी भी हुई है। सरकार पहले ही तीन परीक्षाओं को रद्द कर चुकी है और मामले में ED जांच के लिए सहमति दे चुकी है। इसके बावजूद छात्र CBI जांच की मांग पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि परीक्षा में कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष और व्यापक जांच जरूरी है। छात्रों का आरोप है कि मौजूदा जांच एजेंसियों से उन्हें पूरी तरह भरोसा नहीं है। यही वजह है कि सरकार के कदमों के बावजूद आंदोलन खत्म नहीं हो रहा है।
ये भी पढे़ं: Ranchi Protest: Hemant Soren के जन्मदिन पर छात्रों पर लाठीचार्ज-सिर फटा, वाटर कैनन के बीच बैरिकेडिंग पर डांस
राहुल गांधी और कांग्रेस ने भी उठाए सवाल
JPSC-JSSC विवाद अब झारखंड की राजनीति से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में आ गया है। राहुल गांधी ने छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग पर सवाल उठाते हुए झारखंड सरकार से जल्द समाधान निकालने की अपील की। वहीं, बीजेपी ने राहुल गांधी पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि पार्टी छात्रों के आंदोलन के साथ है और परीक्षा में गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल को दुखद बताते हुए पूरे मामले की CBI जांच की मांग की।


Click it and Unblock the Notifications
