Jharkhand: पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का विरोध जारी, झामुमों ने बापू वाटिका में किया उपवास
Jharkhand News: झारखंड की सत्तारूढ़ पार्टी झामुमो ने गुरुवार को पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के खिलाफ आंदोलन का शंखनाद कर दिया। राजधानी स्थित मोरहाबादी मैदान के बापू वाटिका में समर्थकों ने उपवास कार्यक्रम शुरू किया। इसमें केंद्र की भाजपा सरकार को तानाशाही करार देते हुए एक सियासी साजिश के तहत हेमंत सोरेन को जेल भेजे जाने का आरोप लगाया गया।

झामुमो के जिलाध्यक्ष मुस्ताक आलम ने कहा कि हेमंत सोरेन को केंद्र की बीजेपी सरकार ने चुनावी लाभ लेने के लिए तानाशाही रूप अपनाते हुए केंद्रीय जांच एजेंसियों द्वारा फर्जी मामले में जेल भेजा है। उपवास कार्यक्रम से झामुमों द्वारा संदेश साझा किया गया है कि जिस प्रकार बापू ने अहिंसा को अपनाते हुए अंग्रेजों को देश से भगाया था, उसी तरह हम भी आंदोलन करेंगे, हमारा संकल्प है कि भाजपा का सूपड़ा साफ कर देंगे।
इस दौरान राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के सभी कार्यकर्ता अपने लोकप्रिय नेता हेमंत सोरेन को शीघ्र अपने बीच चाहते हैं। उनके साथ अन्याय हो रहा है। जिस तरह देश में गैर भाजपा शासित राज्यों के नेताओं को परेशान किया जा रहा है, वह जनता के सामने है। हम सभी एकजुट होकर लड़ रहे हैं।वहीं पार्टी महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि हेमंत सोरेन की कुशलता के लिए लोगों की भावना के अनुरूप न्याय यात्रा, उपवास और मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और अन्य धार्मिक स्थलों में पूजा-अर्चना करने का निर्णय जिला समिति ले रही है। हमारा फर्ज है कि ये कार्यक्रम संयमित ढंग से संचालित हों।
यह भी पढ़ें झारखंड सरकार का बड़ा एक्शन, बड़े पैमाने पर IAS अधिकारियों का किया तबादला












Click it and Unblock the Notifications