चंपई सोरेन: उदित राज ने साधा निशाना तो जीतनराम मांझी ने कहा वेलकम!
झारखंड में टाइगर के नाम से जाने जाने वाले झामुमो के दिग्गज नेता व पूर्व मुख्यमंत्री चपई सोरेन (Champai Soren) की इमोशनल पोस्ट के बाद एक बार फिर से उनकी बीजेपी में शामिल होने कि अटकलें तेज हो गईं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi ) ने चंपई सोरेन के BJP में शामिल होने की अटकलों को और हवा दे दी है।
मांझी ने जेएमएम नेता चंपई से एक कदम आगे बढ़ते हुए कहा कि एनडीए परिवार में चंपई सोरेन का स्वागत है। वहीं दूसरी ओर जेएमएम से नाराजगी जताने पर कांग्रेस नेता उदित राज (Udit Raj) ने उल्टे चंपई की खिंचाई की है। उन्होंने चंपई के विचारों को राजनीतिक महत्वाकांक्षा और लालच और स्वार्थ से भरा हुआ बताया।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (Jharkhand Mukti Morcha) के नेता व पूर्व सीएम चंपई सोरेन सीएम की कुर्सी से हटने के बाद से ही पार्टी से नाराज चल रहे हैं। उन्होंने रविवार को एक इमोशनल पोस्ट एक्स पर शेयर की, जिसमें उन्होंने सीएम पद से हटाए जाने के बाद स्थिति का जिक्र किया। चंपई सोरेन ने लिखा, "पिछले चार दशकों के अपने बेदाग राजनैतिक सफर में, मैं पहली बार, भीतर से टूट गया था। समझ नहीं आ रहा था कि क्या करूं। दो दिन तक, चुपचाप बैठ कर आत्म-मंथन करता रहा, पूरे घटनाक्रम में अपनी गलती तलाशता रहा।"
चंपई ने आगे लिखा, "...मुझे सत्ता का लोभ रत्ती भर भी नहीं था, लेकिन आत्म-सम्मान पर लगी इस चोट को मैं किसे दिखाता? अपनों द्वारा दिए गए दर्द को कहां जाहिर करता? उन्होंने ये भी कहा कि यह मेरा निजी संघर्ष है इसलिए इसमें पार्टी के किसी सदस्य को शामिल करने अथवा संगठन को किसी प्रकार की क्षति पहुंचाने का मेरा कोई इरादा नहीं है। जिस पार्टी को हमने अपने खून-पसीने से सींचा है, उसका नुकसान करने के बारे में तो कभी सोच भी नहीं सकते।"
अपनी पोस्ट में चंपई ने आगे लिखा, आज समाचार देखने के बाद, आप सभी के मन में कई सवाल उमड़ रहे होंगे। आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसने कोल्हान के एक छोटे से गांव में रहने वाले एक गरीब किसान के बेटे को इस मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया।
कल्पना सोरेन को बनाते सीएम तो दुरुस्त रहता चंपई का दिमाग: उदित राज
झारखंड के पूर्व सीएम की इस पोस्ट के बाद कांग्रेस नेता उदित राज ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "जब लालू यादव जी जेल जा रहे थे तो अपने अर्ध शिक्षित पत्नी को सीएम बना गs थे तो लोग क्या न कहे? हेमंत सोरेन जेल जाते समय चंपई सोरेन को सीएम बना गए और परिणाम आज सामने है कि बीजेपी का दामन थामने वाले हैं। लोग कितने लालची और महत्वाकांक्षी होते हैं। हेमंत सोरेन अपने पत्नी को सीएम बनाते तो चंपई सोरेन का दिमाग दुरुस्त रहता। इंसान बड़ा लालची और स्वार्थी होता है।"
NDA परिवार में आपका स्वागत है: जीतन राम मांझी
वहीं जीतनरा मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर किया। जिसमें उन्होने लिखा, 'चंपाई दा आप टाइगर थे, टाइगर हैं और टाइगर ही रहेंगें। NDA परिवार में आपका स्वागत है। जोहार टाइगर...'












Click it and Unblock the Notifications