'रोटी-बेटी और माटी' की सुरक्षा से नहीं होने देंगे कोई खिलवाड़, देवघर में PM मोदी ने कहा
Jharkhand Election 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विधानसभा चुनाव के बीच झारखंड दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने यहां देवघर के सारठ में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस और जेएमएन गठबंधन पर निशाना साधा। साथ ही, पीएम मोदी ने कहा, 'मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा-NDA सरकार संथाल की, झारखंड की, 'रोटी-बेटी और माटी' की सुरक्षा से कोई खिलवाड़ नहीं होने देगी।'
देवघर के सारठ में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'हमारी संस्कृति में महिलाओं और बेटियों का कद बहुत ऊंचा है। लेकिन यहां, कांग्रेस के नेता हमारी बहनों को गाली देते हैं, उन्होंने सीता सोरेन के खिलाफ इतने आपत्तिजनक शब्द कहे। उन्हें ऐसा करने की हिम्मत कहां से मिलती है? वे जानते हैं कि उनके साथ कुछ नहीं होगा क्योंकि उन्हें JMM सरकार का संरक्षण प्राप्त है। यही कारण है कि कांग्रेस के नेता आदिवासी बेटियों का अपमान करते हैं।'

पीएम ने कहा कि जब भाजपा ने एक आदिवासी बेटी को भारत का राष्ट्रपति बनाने का फैसला किया, तो कांग्रेस ने उसे हराने की पूरी कोशिश की। आज भी वे राष्ट्रपति मुर्मू का अपमान करते हैं। कांग्रेस के इरादे खतरनाक हैं। कांग्रेस के 'शहजादा' ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वे एससी/एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षण खत्म करना चाहते हैं। इतना ही नहीं, पीएम मोदी ने कहा कि झारखंड में मैं जहां भी गया, सबसे बड़ी चिंता घुसपैठ को लेकर रही।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, संथाल में आदिवासी आबादी घटकर आधी रह गई है। हमें अपने आदिवासी परिवारों और हर झारखंडी को इससे बचाना है। झारखंड की पहचान बदलने की बहुत बड़ी साजिश हो रही है। झामुमो-कांग्रेस के राज में इन घुसपैठियों को राज्य में स्थायी निवासी बनाने के लिए हर गलत काम किया गया। इन घुसपैठियों ने आपकी नौकरी और रोटी छीन ली। झामुमो सरकार ने कोर्ट में कहा कि राज्य में घुसपैठ हुई है।
इस चुनाव में रोटी, बेटी और माटी की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा है। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि भाजपा उनकी रक्षा करेगी। पीएम ने कहा कि आज झारखंड की पहचान बदलने की बहुत बड़ी साजिश हो रही है। JMM-कांग्रेस में बाहर से आए घुसपैठियों को यहां का स्थायी निवासी बनाने के लिए हर गलत काम किए गए हैं। इन घुसपैठियों को उनके लिए रातों-रात पक्के कागज बनाकर दिए गए। आदिवासी बेटियों को शादी के नाम पर ठगा गया और जमीन हथिया ली गई।
इन घुसपैठियों ने आपसे, आपका रोजगार छीन लिया, आपकी रोटी भी छीन ली। इस पर यहां की सरकार का दोहरा रवैया देखिए। JMM सरकार ने कोर्ट में कह दिया कि झारखंड में कोई घुसपैठ हुई ही नहीं है...यहां स्थानीय निवासियों को पानी तक मिलना मुश्किल हो गया है... मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा-NDA सरकार संथाल की, झारखंड की, 'रोटी-बेटी और माटी' की सुरक्षा से कोई खिलवाड़ नहीं होने देगी।
झारखंडी गौरव, झारखंड की पहचान यह आप सबकी ताकत रही है। कल्पना कीजिए कि अगर यह पहचान ही खत्म हो गई तो क्या होगा? आंकड़े बताते हैं कि संथाल क्षेत्र में आदिवासियों की संख्या करीब-करीब आधी रह गई है। अगर ऐसे ही आदिवासी घटते रहे तो क्या होगा? आपके जल, जंगल, जमीन हर चीज पर दूसरों का कब्जा हो जाएगा। हमें इस स्थिति से मेरे आदिवासी परिवरों को भी बचाना है, झारखंड को भी बचाना है और हर झारखंडी को भी बचाना है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज झारखंड में पहले चरण का मतदान हो रहा है। 'रोटी-बेटी और माटी' को बचाने का संकल्प आज हर बूथ पर दिख रहा है। भाजपा ने नारी शक्ति और नौजवानों के भविष्य के लिए जो गारंटियां दी हैं उनके प्रति भारी समर्थन दिख रहा है। हमारा ये संथाल का क्षेत्र भी इस बार नया इतिहास रचने के लिए तैयार है। संथाल में इस बार JMM-कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय है।
2 दिन बाद ही हम धरती आबा, बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती का उत्सव मनाने जा रहे हैं। हिंदुस्तान के हर कोने में धरती आबा की जन्म जयंती मनाई जाएगी। उसके पहले लोकतंत्र के उत्सव में आपने भी पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। हर तरफ एक ही गूंज है, 'रोटी-बेटी और माटी की पुकार, झारखंड में भाजपा-NDA की सरकार'।












Click it and Unblock the Notifications