Jharkhand Election 2024: झारखंड की 11 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में JDU! जानें NDA में कैसे बनेगी बात?
Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले जनता दल (यूनाइटेड) ने 11 सीटों पर चुनाव लड़ने का मन बना लिया है। इसमें से झारखंड की 3 विधानसभा सीटों को जेडीयू ने प्राथमिकता में रखा है।
प्रदेश जनता दल यूनाइटेड के प्रतिनिधिमंडल ने आगामी चुनावों को लेकर बुधवार 2 अक्टूबर को सीएम नीतीश कुमार से उनके पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की। इसी दौरान झारखंड में चुनाव तैयारियों पर चर्चा की गई है। बैठक का नेतृत्व झारखंड जेडी(यू) के प्रमुख और राज्यसभा सदस्य खीरू महतो कर रहे थे।

खीरू महतो ने नीतीश से झारखंड में 11 सीटों की मांग की
रिपोर्ट के मुताबिक बैठक के दौरान खीरू महतो ने सीएम नीतीश से झारखंड में 11 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग की। खीरू महतो ने सीएम नीतीश कुमार को झरिया, टुंडी, मांडू, छतरपुर, मांडर, तमाड़, पूर्वी जमशेदपुर जैसे विधानसभा सीटों की कार्यकर्ता सम्मेलन की रिपोर्ट भी सौंपी। खीरू महतो ने बताया है कि नीतीश कुमार में 11 सीटों पर लड़ने के सुझाव पर आश्वासन दिया है कि वह इसे गंभीरतापूर्वक लेंगे।
हाल ही में जेडीयू में सरयू राय और राजा पीटर शामिल हुए हैं। सरयू राय पूर्वी जमशेदपुर से चुनाव लड़ सकते हैं और राजा पीटर तमाड़ सीट से उम्मीदवार बनाए जा सकते हैं। खीरू महतो पूर्व में मांडू विधानसभा से विधायक भी रह चुके हैं, इस बार भी वो इसी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।
ये भी पढ़ें- Jharkhand Election 2024: डुमरी से चुनाव लड़ेंगे 'टाइगर' जयराम महतो, JLKM ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट
झारखंड चुनाव 2024: क्या JDU को NDA गठबंधन से मिलेगी 11 सीटें?
अब ऐसे में सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या एनडीए में भाजपा जेडीयू के 11 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए राजी हो जाएगी। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कहा है कि वह राज्य में ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU)और जनता दल (यूनाइटेड) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी। लेकिन कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा फिलहाल इसको लेकर चर्चा जारी है। लेकिन अंदरखाने ये बात है कि भाजपा जेडीयू हो या फिर आजसू किसी को भी इतनी सीटें लड़ने के लिए नहीं देने वाली है।
सूत्रों के मुताबिक भाजपा आजसू को 6 से 8 सीटें देने को इच्छुक है। हालांकि आजसू ने 10 सीटों की मांग की है। फिलहाल जेडीयू को 2 से 3 सीट देने की बात सामने आ रही है। ऐसे में जेडीयू का 11 सीटों पर गठबंधन में चुनाव लड़ने की योजना सफल होते तो नहीं दिख रही है।
ये भी पढ़ें- 'झारखंड में सत्ता परिवर्तन होकर रहेगा, घुसपैठियों को सिर्फ BJP भगा सकती है', चम्पाई ने हेमंत को दिया चैलेंज
इससे पहले जुलाई 2024 में भी खीरू महतो और नीतीश कुमार के बीच झारखंड चुनाव को लेकर चर्चा हुई थी। खीरू महतो ने उस वक्त कहा था कि सीटों पर अंतिम निर्णय भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक के बाद लिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी की तैयारी सभी 11 से ज्यादा सीटों पर लड़ने को होगी। उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार जी को 11 उम्मीदवारों की सूची सौंपी गई है। निश्चित रूप से हम भाजपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेंगे।
2019 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू ने 40 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत पाई। इसी तरह 2014 में भी उसे एक भी सीट नहीं मिली थी, जब उसने 45 सीटों पर चुनाव लड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications