संपत्ति से लेकर किमिनल केस तक, जानिए झारखंड के कितने विधायक करोड़पति, कौन है सबसे अमीर MLA?
Jharkhand Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनावों को लेकर अब मौजूदा विधायकों की संपत्ति, किमिनल केस से लेकर शिक्षा से जुड़ी हर जानकारी जानने में लोगों की उत्सुकता बढ़ गई है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और झारखंड इलेक्शन वॉच द्वारा संकलित आंकड़ों में ये जानकारी दी गई है कि झारखंड के मौजूदा विधायकों के पास औसतन 3.76 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
सबसे अमीर विधायक लोहरदगा के विधायक रामेश्वर उरांव हैं, जिनकी कुल संपत्ति 28 करोड़ रुपये है। उनके बाद पांकी के विधायक कुशवाहा शशि भूषण मेहता हैं, जिनकी कुल संपत्ति 27 करोड़ रुपये है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन झारखंड की तीसरी सबसे अमीर विधायक हैं। गांडेय विधानसभा सीट की विधायक कल्पना सोरेन के पास 25 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है, जिसमें 8.7 करोड़ रुपये की चल संपत्ति भी शामिल है।

ये भी पढ़ें- हेमंत सोरेन या कल्पना सोरेन? पति-पत्नी में से कौन है ज्यादा अमीर? जानें कहां से करते हैं दोनों कमाई?
झारखंड के 68% विधायक हैं करोड़पति, जानें किस पार्टी के सबसे ज्यादा करोड़पति नेता?
रिपोर्ट में बताया गया है कि 74 मौजूदा विधायकों में से कुल 50 यानी 68 प्रतिशत करोड़पति हैं। विधायकों में से भाजपा के 26 में से 19 विधायक करोड़पति हैं। वहीं झामुमो के 25 में से 17, कांग्रेस के 16 में से नौ और आजसू पार्टी के सभी तीन विधायकों ने 1 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है।
सिल्ली विधायक सुदेश कुमार महतो ने आयकर रिटर्न में सबसे अधिक 2.6 करोड़ रुपये की आय घोषित की है। इस आंकड़े में उनकी, उनके जीवनसाथी और आश्रितों की संयुक्त आय शामिल है।
ये भी पढ़ें- झारखंड चुनाव 2024: हेमंत सोरेन ने CM बनकर कमाए करोड़ों रुपए, 5 साल में दोगुनी हुई संपत्ति, पत्नी ज्यादा अमीर
झारखंड के 49% विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज
रिपोर्ट के मुताबिक 74 मौजूदा विधायकों में से 36 यानी 49 प्रतिशत विधायकों ने घोषणा की है कि उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 26 के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और दो विधायकों ने हत्या से संबंधित मामले घोषित किए हैं। एक मौजूदा विधायक ने बलात्कार से संबंधित आरोप घोषित किया है।
भाजपा के 26 विधायकों में से 13 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। झामुमो के 25 विधायकों में से 12 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि कांग्रेस के 16 विधायकों में से आठ पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
झारखंड के विधायकों की शैक्षणिक योग्यता
रिपोर्ट के मुताबिक झारखंड के 23 विधायकों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता 12वीं कक्षा तक बताई है। 47 विधायकों ने स्नातक या उससे अधिक की योग्यता बताई है। इसके अलावा दो विधायकों के पास डिप्लोमा है और दो ने खुद को केवल साक्षर बताया है।












Click it and Unblock the Notifications