झारखंड के तीन कांग्रेस MLA को बंगाल पुलिस ने भारी मात्रा में नोटों के साथ पकड़ा
झारखंड के कांग्रेस के तीन विधायक इरफान अंसारी, जामताड़ा के विधायक, राजेश कच्छप, खिजरी के विधायक और नमन बिक्सल, कोलेबिरा के विधायक को पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी के साथ गिरफ्तार किया है।
रांची, 30 जुलाई : झारखंड के तीन कांग्रेस विधायकों को पश्चिम बंगाल पुलिस ने हावड़ा में पकड़ा है। इन विधायकों के पास से भारी मात्रा में नोट बरामद किए गए हैं। हावड़ा की एसपी स्वाति भंगालिया ने इसकी पुष्टि की है। जिन तीन विधायकों को गिरफ्तार किया गया है उनमें जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी, खिजरी विधायक राजेश कच्छप और कोलेबीरा से विधायक नमन बिक्सल हैं।

बरामद कैश और एसपी का बयान
विधायकों के पास मिले कैश इस मामले में पश्चिम बंगाल के हावड़ा में एसपी स्वाति भंगालिया ने कहा, हमने झारखंड से कांग्रेस के 3 विधायकों जैसे जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी, खिजरी के विधायक राजेश कच्छप और कोलेबिरा के विधायक नमन बिक्सल को भारी मात्रा में नकदी के साथ पकड़ा है। काउंटिंग मशीन आने के बाद ही हम इसकी गिनती कर पाएंगे।
कांग्रेस का आरोप
झारखंड के पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने इस प्रकरण पर कहा, भाजपा राज्यों में चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करती है। उन्होंने कहा, जहां भाजपा की सरकारें नहीं हैं, वहां राजनीतिक रूप से अस्थिरता पैदा करना भाजपा के स्वभाव में है। सीएम हेमंत की सरकार के खिलाफ भी ऐसा ही किया गया है। सरकार गिराने के लिए उन्हें (बीजेपी द्वारा) पैसा दिया गया था। बता दें कि बंधु तिर्की, झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हैं।
भाजपा बोली- झारखंड में भ्रष्टाचार बढ़ा
झारखंड भाजपा के राज्य महासचिव आदित्य साहू ने कहा, जब से उनकी सरकार सत्ता में आई है, भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। इससे पहले भी झारखंड में-अधिकारियों के घरों में बड़ी मात्रा में नकदी पकड़ी गई थी। वे जनता की गाढ़ी कमाई का इस्तेमाल दूसरे कामों में करते हैं। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और यह सामने आया। बता दें कि पश्चिम बंगाल के पार्थ चटर्जी प्रकरण के बाद पड़ोसी राज्य झारखंड में बड़ी मात्रा में कैश मिलने से राजनीतिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications