Jharkhand Chunav: राहुल गांधी का वादा- झारखंड में आदिवासियों को 28% देंगे आरक्षण, PM मोदी पर किए वार
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले फेज के प्रचार में नेता पूरी ताकत से लग गए हैं। 13 नवंबर को होने वाले 43 सीटों पर वोटिंग के लिए प्रचार अब अंतिम दौरे में आ गया है। शनिवार 09 नवंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी धनबाद के बाघमारा और जमशेदपुर में चुनावी सभा को संबोधित किया।
इस दौरान राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा, ''मैंने मोदी जी से साफ कह दिया है- आप जातिगत जनगणना को रोक नहीं सकते हैं। हम इसी संसद में जातिगत जनगणना को पास करके दिखाएंगे और आरक्षण में 50% की दीवार को तोड़ देंगे। झारखंड में हम आदिवासियों को 28%, दलितों को 12% और पिछड़े वर्ग को 27% आरक्षण देंगे।''

ये भी पढ़ें- 'महाराष्ट्र में INDIA 5 गारंटियों से बड़ा बदलाव लाएगा', राहुल गांधी ने पीएम मोदी को दिया चैलेंज
राहुल गांधी बोले- INDIA गठबंधन संविधान की रक्षा करने की बात कहता है
राहुल गांधी ने कहा, ''देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई है। एक तरफ INDIA गठबंधन और दूसरी तरफ BJP और RSS है। एक तरफ मोहब्बत, एकता, भाईचारा है तो दूसरी तरफ नफरत, हिंसा, क्रोध और अहंकार है। ''
उन्होंने आगे कहा, ''INDIA गठबंधन संविधान की रक्षा करने की बात कहता है, जबकि BJP-RSS संविधान को खत्म करना चाहती है।'' राहुल गांधी ने कहा, '' मोदी जी सिर्फ बड़े-बड़े भाषण देते हैं। बड़े प्लेन में उड़ते हैं लेकिन बोझ आम आदमी को उठाना पड़ता है।'' राहुल गांधी के भाषण के दौरान नमाज की अजान शुरू हुई तो उन्होंने अपना भाषण भी रोक लिया था।
ये भी पढे़ं- झारखंड में अमित शाह के निशाने पर राहुल गांधी, बोले- ये वोटबैंक के लिए मुसलमानों को आरक्षण देना चाहते हैं
राहुल गांधी बोले- मोदी, BJP-RSS के लोग संविधान खत्म कर देंगे!
राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ''नरेंद्र मोदी और BJP-RSS के लोग संविधान को खत्म करना चाहते हैं। लेकिन हम संविधान की रक्षा करते रहेंगे, उन्हें संविधान को छूने तक नहीं देंगे।''
राहुल गांधी ने कहा, ''हमने कन्याकुमारी से कश्मीर तक 'भारत जोड़ो यात्रा' की, जिसका मकसद हिंदुस्तान को जोड़ना था। जबकि नरेंद्र मोदी, RSS-BJP के लोग हिंदुस्तान को बांटते हैं। एक धर्म को दूसरे धर्म से, एक भाषा को दूसरे भाषा से लड़ाते हैं। हम अंग्रेजो से लड़े, देश को संविधान दिया ताकि जनता की रक्षा हो सके। मेरा आपको संदेश है, देश की जनता, कांग्रेस पार्टी और INDIA गठबंधन संविधान की रक्षा करता रहेगा।''
ये भी पढ़ें- Jharkhand Election 2024: झारखंड की राजनीति में हेमंत सोरेन की JMM का क्या है महत्व, जानिए इतिहास
राहुल गांधी बोले- ये देश सबका है, हमें मिलकर मोहब्बत के साथ रहना है
राहुल गांधी ने कहा, ''नफरत को नफरत से नहीं मिटाया जा सकता है। नफरत को सिर्फ मोहब्बत से मिटाया जा सकता है। हम नफरत को मोहब्बत से हराकर दिखाएंगे।''
राहुल गांधी ने कहा, ''ये देश सबका है। हमें मिलकर मोहब्बत, भाईचारे के साथ देश को आगे ले जाना है। क्योंकि जब नफरत, हिंसा और डर फैलता है, तब अर्थव्यवस्था ठप होती है और बेरोजगारी फैलती है। तभी हम चाहते हैं कि 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान' खुले। हम हिंदुस्तान से नफरत मिटाने के लिए लगे रहेंगे।''












Click it and Unblock the Notifications