Jharkhand Election 2024: झारखंड में INDIA Bloc सीट शेयरिंग से नाराज RJD, गठबंधन छोड़ने के दिए संकेत
Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। अब उम्मीदवारों को लेकर मंथन का दौर चल रहा है। ऐसे में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर उथल-पुथल मची हुई है। कांग्रेस-झारखंड मुक्ति मोर्चा के सीट बंटवारे के फॉर्मूले के बाद एक प्रमुख सहयोगी दल आरजेडी ने अपने तेवर दिखाएं हैं।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से इंडिया गुट की सीट बंटवारे की घोषणा के बाद राजद को वाम दलों और अन्य सहयोगियों के साथ सिर्फ 11 सीटों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा, क्योंकि कांग्रेस और झामुमो ने इंडिया गुट हिस्से के रूप में 70 सीोटों पर लड़ने का फैसला किया है।

गठबंधन छोड़ने के लिए संकेत
हेमंत सोरेन ने राजद सहित सहयोगियों के साथ बैठक के बाद इस फैसले की घोषणा की गई। हालांकि, घोषणा के दौरान राजद और वाम दलों के नेता गायब थे। ऐसे में राजद ने सीट बंटवारे को लेकर अपनी निराशा को छिपाया नहीं और संकेत दिए कि वह गठबंधन छोड़ सकता है। राजद नेता मनोज कुमार झा ने साफ कहा कि सभी निर्णय 2 मिनट नूडल्स की तरह तुरंत नहीं लिए जा सकते। राजद ने झारखंड विधानसभा की 15 से 18 सीटों की पहचान की है, जहां वह अकेले भाजपा को हरा सकती है।
फैसला यह एकतरफा था-RJD
अपनी उम्मीदों पर खरा ना उतरने पर वॉकआउट का संकेत देते हुए झा ने कहा कि, "झारखंड विधानसभा सीटों की पेशकश से निराश हूं। यह निर्णय झामुमो और कांग्रेस ने लिया था और यह एकतरफा था। अब हमारे लिए सभी विकल्प खुले हैं।"
आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, "हम आपके सामने एक खास वजह से आए हैं। आप देख सकते हैं कि हमारा पूरा नेतृत्व हमारे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी जी के आग्रह पर यहां आया है। आज सुबह हमारी एक बैठक हुई थी और उस बैठक में यह तय हुआ कि वोटों की ताकत और जनाधार आरजेडी के पक्ष में है। उदाहरण के लिए मैं आपको बता दूं कि पिछली बार हम 7 सीटों पर लड़े थे, क्योंकि लालू जी का दिल बड़ा था, उनका लक्ष्य बीजेपी को बाहर करना था और आज भी लक्ष्य वही है, हम 5 सीटों पर दूसरे नंबर पर रहे। हमारे गठबंधन के बाकी साथी शायद इतनी सीटों पर प्रतिशत के हिसाब से दूसरे नंबर पर नहीं रहे होंगे।
15 से 18 सीटों की पहचान- मनोज झा
उन्होंने कहा कि एकतरफा फैसला लिया गया। अलग-अलग जिलों में हमारी मौजूदगी बहुत मजबूत है, हम अपने गठबंधन के साथियों से आग्रह करेंगे कि वे उसी हिसाब से फैसला लें। हमारे प्रभारी यहां हैं, हमारे प्रदेश अध्यक्ष यहां हैं और कल से हमारे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी खुद यहां हैं। सबके होने के बावजूद अगर आपने गठबंधन की प्रक्रिया में हमें शामिल नहीं किया, तो यह दुख की बात है। आज जो बैठक हुई, उसमें हमने 15 से 18 ऐसी सीटों की पहचान की है विभिन्न जिलों में हम अकेले भी भाजपा को हराने में सक्षम हैं।
कोई नाराजगी नहीं: कांग्रेस
वहीं कांग्रेस ने मनोज झा की टिप्पणी को खारिज करते हुए कहा कि इंडिया ब्लॉक में कोई दरार नहीं है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "किसी में कोई नाराजगी नहीं है।" हालांकि, हेमंत सोरेन ने कहा कि गठबंधन दलों के नेताओं के साथ अभी भी चर्चा चल रही है। उन्होंने कहा कि राजद और सीपीआई (एमएल) के साथ विचार-विमर्श के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि झामुमो और कांग्रेस किन सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।












Click it and Unblock the Notifications