Dumri By Election: ओवैसी की सभा में लगे 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे, अब प्रत्याशी के खिलाफ दर्ज हुई FIR
Dumri By Election: 5 सितंबर को झारखंड के डुमरी में उपचुनाव होना है। उपचुनाव को लेकर सभी पार्टियों के नेता अपने-अपने प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इसी क्रम में एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी डुमरी पहुंचे एक सभा को संबोधित किया।
असदुद्दीन ओवैसी की सभा के दौरान कथित तौर पर 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए जाने लगे। इन नारों को सुनकर खुद ओवैसी भी हैरान रह गए और उन्होंने मंच से ही नारे लगाने वालों को फटकार भी लगाई। वहीं, पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जाने का वीडियो भी वायरल हो गया।

वहीं, अब चुनावी जनसभा में इस तरह की नारे लगाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस-प्रशासन ने एक्शन लिया है। इस मामले में AIMIM प्रत्याशी अब्दुल मोबिन रिजवी समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने इस बाबत एक प्रेस रिलीज जारी की है।
प्रेस रिलीज जारी करते हुए बताया कि उड़नदस्ता दल की ओर से डुमरी थाना में एआईएमआईएम प्रत्याशी अब्दुल मोबिन रिजवी और पार्टी के नेता मुजफ्फर हसन नुरानी समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
उड़नदस्ता टीम की ओर से दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि डुमरी सीट पर उपचुनाव के प्रचार के लिए डुमरी हाई स्कूल मैदान में AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की एक जनसभा का आयोजन किया गया था। ओवैसी के भाषण के दौरान पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी की बात सामने आई है।
प्रशासन की ओर से दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि भाषण के दौरान रिकॉर्ड वीडियो की जांच के दौरान यह पाया गया कि यह आदर्श आचार संहिता उल्लंघन है। साथ ही यह सांप्रदायिक सद्भावना को बिगाड़ने का प्रयास हैं। बता दें कि पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी होने पर खुद ओवैसी भी हैरान रह गए।
ऐसा बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी सभा को बीच में रोका और पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी करने वाले लोगों को फटकार भी लगाई। हालांकि, अब इस मामले में तूल पकड लिया है और भाजपा ने तीखा हमला भी बोला है।












Click it and Unblock the Notifications