Baba Baidyanath Jyotirlinga: डॉलर और नेपाली करेंसी, 70 दिन बाद दानपात्र में निकली कितनी राशि?
गर्मियों की छुट्टी की वजह से झारखंड के देवघर में स्थित बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही। वहां पर विदेशों से भी बाबा के भक्त आ रहे, जो दान में डॉलर और अन्य विदेशी करेंसी चढ़ा रहे।
करीब 70 दिनों बाद अब मंदिर में रखे 19 दानपात्रों को खोला गया और उनमें इकट्ठा हुई राशि की गिनती की गई। मंदिर दंडाधिकारी सह जिला उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री के मुताबिक इस बार रुपये के अलावा भक्तों ने डॉलर और नेपाली करेंसी भी चढ़ाई है।

उन्होंने बताया कि 5 अप्रैल को नोटों की गिनती की गई थी, उसके बाद गुरुवार को दानपात्र के नोटों की काउंटिंग हुई, जिसमें कुल 18 लाख 59 हजार 514 रुपये निकले। इसमें 12 अमेरिकी डॉलर और 1966 नेपाली रुपये शामिल हैं।
ये है नोटों की गिनती का नियम
मंदिर में नोटों की गिनती कभी भी की जा सकती है। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में दानपात्रों को खोला जाता है। इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच मंदिर के कर्मचारी नोटों की गिनती करते हैं। अगर राशि ज्यादा रही, तो वालंटियर की मदद ली जाती है।
सावन में होती है ज्यादा भीड़
वैसे तो अप्रैल से जून के अंत तक गर्मी की छुट्टियों की वजह से ज्यादा भीड़ रहती है। इसके बाद सावन में श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना ज्यादा बढ़ जाती है। उस दौरान चढ़ावे में भी काफी वृद्धि होती है।
12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है बाबा बैद्यनाथ
आदि गुरु शंकराचार्य ने देश के अलग-अलग हिस्सों में 12 ज्योतिर्लिंगों की स्थापना की थी। जिसमें देवघर में स्थित बाबा बैद्यनाथ का मंदिर एक है। इस मंदिर के साथ ही माता का शक्तिपीठ भी है, जिस वजह से नवरात्र में भी यहां काफी ज्यादा संख्या में भक्त आते हैं।
कैसे पहुंचे देवघर?
अगर आप भी यहां जाने की योजना बना रहे, तो आप बस, ट्रेन या फ्लाइट के जरिए यहां पहुंच सकते हैं। पिछले साल देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन हो गया था। इसके अलावा कई शहरों से यहां के लिए सीधी बस और ट्रेन सेवा उपलब्ध है।












Click it and Unblock the Notifications