झांसी अस्पताल में लगी आग की असल वजह आई सामने, फरिश्ता बने युवक ने बचाई 3-4 लोगों की जान
यूपी के झांसी में स्थित अस्पताल में जिस तरह से NICU वॉर्ड में लगी, उसमे 10 नवजात बच्चों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जाहिर किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवजात बच्चों की मौत के बाद उनके परिजनों को 5-5 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है,जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया है।
इस हादसे के बाद देर रात उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक अस्पताल पहुंचे और उन्होंने हालात का जायजा लिया। इसके साथ ही योगी आदित्यनाथ खुद भी रात में पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए थे और पल-पल की अपडेट लेने के साथ अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 12 घंटे के भीतर घटना की जांच रिपोर्ट मांगी है।

हादसे की वजह की बात करें तो बृजेश पाठक ने कहा कि यह घटना संभवत: शॉर्ट सर्किट से हुई है। लेकिन यहां मौजूद चश्मदीदों का कहना है कि हादसे की वजह कुछ और है। दरअसल अस्पताल में रखे ऑक्सीजन सिलेंडर को जोड़ने के लिए माचिस जलाने की वजह से यह हादसा हुआ है। दरअसल यहां नर्स ने माचिस जलाई थी और माचिस जलाते ही पूरे वॉर्ड में आग लग गई।
वॉर्ड में थे 54 बच्चे
झांसी के चीफ मेडिकल सुप्रिटेंडेट ने बताया कि NICU में कुल 54 बच्चे थे। वॉर्ड में अचानक से आग लग गई, जिसकी वजह से ऑक्सजीन से भरे सिलेंडर में आग लग गई और NICU में आग फैल गई। झांसी डिवीजन के डीआईजी का कहना है कि आग पर काबू पा लिया गया है, घायलों को शिफ्ट किया जा रहा है।
चश्मदीद ने बताई वजह
इस घटना के बाद हमीरपुर के रहने वाले भगवान दास ने घटना की आंखोदेखी बताई है। उनका बेटा रानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में ही भर्ती था। जब वॉर्ड में आग लगी तो भगवान दास यहां मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन सिलेंडर के पाइप को लगाने के लिए नर्स ने माजिस की तीली जलाई थी। जैसे ही उन्होंने माचिस जलाई, पूरे वॉर्ड में आग फैल गई। जिसके बाद भगवान दास ने अपने गले में पड़े कपड़े से 3-4 बच्चों को लपेटकर उनकी जान बचाई।
फायर एक्सटिंग्विशर काम के नहीं
चौंकाने वाली बात यह है कि आग लगने के बाद भी फायर अलार्म समय से नहीं बचा। यही नहीं वॉर्ड में कई ऐसे फायर एक्सटिंग्विशर के सिलेंडर रखे थे, जो एक्सपायर हो चुके थे। यहां रखे सिलेंडर की फिलिंग तारीख 2019 और एक्सपायरी डेट 2020 थी। यहां रखे ये सिलेंडर सिर्फ दिखाने के लिए थे, ये किसी काम के नहीं थे।












Click it and Unblock the Notifications