श्रीकला सिंह: पंचायत चुनाव में पहली बार आजमाई किस्मत, जानें धनंजय सिंह की पत्नी की हार हुई या दर्ज की जीत?
जौनपुर, मई 04: पूर्व सांसद बाहुबली धनजंय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह ने जिला पंचायत सदस्य पद पर भारी मतों से जीत हासिल की है। श्रीकला ने समाजवादी पार्टी के निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव की पत्नी राजकुमारी देवी को 11293 मतों से हराया है। श्रीकला सिंह को कुल 14827 वोट मिले हैं। बता दें, श्रीकला सिंह जिले के सिकरारा विकास खण्ड के वार्ड नंबर-45 से जिला पंचायत सदस्य की उम्मीदवार थीं। कांउटिंग शुरू होने के साथ ही उन्होंने बढ़त बना ली थी। श्रीकला सिंह ने पहली बार यूपी पंचायत चुनाव में अपनी किस्मत आजमाते हुए और प्रचंड वोटों से जीत हासिल की है।

श्रीकला को रिकॉर्ड मतों से मिली जीत
जौनपुर के जिला पंचायत के 83 वार्डों में से अधिकांश वार्डों में मतों की गिनती सोमवार की सुबह तक चलती रही। वार्ड नंबर-45 से पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला धनंजय सिंह ने शुरुआती दौर से ही बढ़त बना रखी थी और लगातार आगे रहीं। उन्हें कुल 14827 वोट मिले, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजकुमारी देवी 3524 ही मत प्राप्त कर सकीं। श्रीकला को 11293 रिकॉर्ड मतों से जीत मिली है। बरसठी ब्लॉक से मैदान में उतरीं पूर्व सांसद स्व. पारसनाथ यादव की पुत्रवधू और मल्हनी विधायक लकी यादव की भयोहू उर्वशी सिंह यादव भी चुनाव में काफी पीछे थीं।

उपचुनाव में मल्हनी विधानसभा सीट से भी दाखिल किया था पर्चा, लेकिन
बता दें, पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह के पंचायत चुनाव में पर्चा दाखिल करने के बाद जौनपुर का सियासी पारा तेज हो गया था। जिला पंचायत सदस्य पद पर चुनाव लड़ने से पहले उन्होंने उपचुनाव में मल्हनी विधानसभा सीट से नामांकन पर्चा दाखिल किया था, लेकिन बाद में उन्होंने नाम वापस लेकर पति के समर्थन में चुनाव प्रचार किया था। हालांकि, इस विधानसभा चुनाव में एसपी के लकी यादव ने धनंजय सिंह को 4,046 वोटों से हरा दिया था।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद की सबसे मजबूत दावेदार
श्रीकला सिंह जिला पंचायत सदस्य पद पर जीत के साथ ही जिले के जिला पंचायत अध्यक्ष पद की सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं। बता दें, नामांकन दाखिल करने के बाद ही श्रीकला सिंह ने कहा था कि उनके पति धनजंय सिंह ने गरीबों की सेवा की है। उन्हीं की पहचान और काम के आधार पर वो इस बार चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने कहा था, 'मुझे पूरा विश्वास है कि जनता मुझे इस चुनाव में जीत दिलाएगी।'












Click it and Unblock the Notifications