जौनपुर - पेंटर के देशभक्ति की चारों तरफ हो रही चर्चा, बना दिया ब्रह्मोस मिसाइल और हेलीकॉप्टर का डेमो
जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के तराव गांव में एक पेंटर ने अपनी कठिन परिश्रम से ब्रह्मोस मिसाइल का डेमो तैयार किया है और अब वह हेलीकॉप्टर बना रहा है, पेंटर की कलाकारी की चर्चा जोरों पर चल रही है
जौनपुर, 20 सितंबर : जौनपुर के ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले एक पेंटर के अंदर देशभक्ति का ऐसा जुनून चढ़ा कि उसने ब्रह्मोस मिसाइल का डेमो तैयार कर दिया। अब वह हेलीकॉप्टर का मॉडल बना रहे हैं, हेलीकॉप्टर का मॉडल भी काफी हद तक बनकर तैयार हो चुका है और जल्द ही वह भी पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा। उनका कहना है कि उनके द्वारा बनाई गई मिसाइल और हेलीकॉप्टर को शहीद स्मारक में रखा जाए, जिससे आने वाली पीढ़ी के लोगों के अंदर देशभक्ति की भावना जागृत हो सके और लोग देश सेवा कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि आगे भी वह ऐसी सामग्रियों का निर्माण करते रहेंगे जिससे लोगों में देशभक्ति की भावना कायम रह सके। पेंटर द्वारा किए जा रहे इस कार्य की चर्चा पूरे जिले में जोरों पर चल रही है और लोगों द्वारा उसकी सराहना भी की जा रही है।

शहर से 45 किमी दूर गांव में है घर
जौनपुर शहर से 45 किमी दूर चंदवक क्षेत्र के तराव गांव के रहने वाले सर्वेश चंद नामक 38 वर्षीय व्यक्ति पेंटिंग का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उनके मन में देश भक्ति की इच्छा थी। परिवार की आर्थिक स्थिति सही ना होने के चलते वे अधिक पढ़ाई नहीं कर पाए जिससे देश सेवा से जुड़ी नौकरी नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि परिवार चलाने के लिए उन्होंने पेंटिंग का कार्य सीखा और पेंटिंग करके ही वे परिवार का गुजर-बसर करते हैं। पेंटिंग के दौरान तिरंगा यात्रा निकलने पर उनके अंदर फिर देशभक्ति की भावना जागी और उन्होंने देश के लिए कुछ करने का मन में विचार किया।

दो साल में ब्रह्मोस मिसाइल का डेमो बनाकर किए तैयार
उन्होंने बताया कि पेंटिंग के जरिए ही लोगों के अंदर देशभक्ति की भावना जागरूक करने का विचार उनके मन में आया। ऐसे में उन्होंने भारतीय सेना से जुड़े हथियारों का डेमो बनाने का प्लान किया। उन्होंने करीब 2 साल पहले ब्रह्मोस मिसाइल बनाने के बारे में सोचा और उसके बाद मजदूरी से कमाए गए रुपयों से ही बचत करते हुए उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि ब्रह्मोस मिसाइल बनाने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पैसों की कमी होने पर उनके मित्र अजीत सिंह ने अपना हाथ आगे बढ़ाया और आर्थिक सहयोग भी किया। 2 साल में ब्रह्मोस मिसाइल बनकर तैयार हुआ जिससे वे काफी खुश हैं और अब हेलीकॉप्टर बनाना चाहते हैं।

इन सामग्रियों को शहीद पार्क में रखा जाए
सर्वेश ने बताया कि उन्होंने कठिन परिश्रम से भारतीय सेना से जुड़े ब्रह्मोस मिसाइल का डेमो तैयार किया है और वे अब हेलीकॉप्टर तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा तैयार की गई ब्रह्मोस मिसाइल और आगामी समय में बनकर तैयार होने वाले हेलीकॉप्टर को शहीद पार्क में रखा जाए जिससे आने वाली पीढ़ी के लोगों के अंदर देशभक्ति की भावना जागृत हो सके। उनका मानना है कि लोगों के भीतर देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए भारतीय सेना के शस्त्रों का डेमो बनाकर यदि प्रदर्शित किया जाए तो लोग काफी प्रभावित होंगे।

भविष्य में भी देश के लिए बहुत कुछ करना चाहते हैं
सर्वेश चंद्र ने बताया कि भविष्य में वे भारत देश के लिए बहुत कुछ करना चाहते हैं उनकी इच्छा है कि देश के सभी युवा देश के प्रति समर्पित रहें। बॉर्डर पर आज भी हजारों सैनिक तैनात हैं जो अपने घर और परिवार को छोड़कर सैकड़ों किलोमीटर दूर जंगली इलाकों में देश की रक्षा के लिए तत्पर हैं। ऐसे में देश के हर युवा और देश में रहने वाले हर नागरिकों को देश के प्रति सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि आगे भी वह ऐसे ही कार्य करते रहेंगे जिससे देशवासियों के अंदर देश भक्ति की भावना जागृत हो सके।












Click it and Unblock the Notifications