नाबालिग लड़की ने बच्ची को दिया जन्म, दाई ने 10 हजार रुपए में बेचा, सच्चाई सामने आई तो मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जौनपुर जनपद में अविवाहित नाबालिक लड़की का चोरी छुपे करंजाकला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव कराया गया। प्रसव के बाद बालिका ने बच्ची को जन्म दिया। बच्ची के जन्म देने के बाद उसका भी 10 हजार रुपए में सौदा कर दिया गया।
इस मामले की जानकारी जब स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को हुई तो हड़कंप मच गया। पूरे मामले की जांच पड़ताल कराई गई और फिर बेची गई बच्ची को प्रसूता को दिलवाया गया। सीएमओ द्वारा इस मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। पूरे मामले से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

दरअसल, जौनपुर जनपद के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के एक गांव की 15 साल की लड़की गर्भवती हो गई थी। लड़की के गर्भवती होने के बाद उसके परिवार वालों की मुलाकात एक दाई से हुई। दाई ने नाबालिक लड़की की डिलीवरी करने और फिर उसके बच्चे को बेचने की बात परिवार वालों से कर ली।
बताया जा रहा है कि शनिवार को लड़की को लेकर वह करंजाकला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंची। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर उसे भर्ती कराया गया उसके बाद रविवार सुबह उसने एक बालिका को जन्म दिया। जन्म देने के बाद अस्पताल के कर्मचारियों द्वारा रजिस्टर में उसे दर्ज नहीं किया गया।
यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती करने के बाद नर्स द्वारा भी नाबालिक के परिजनों से 4 हजार रुपए प्रसव कराने के लिए मांगे गए। बच्ची का जन्म होने के बाद दाई ने उसे 10 हजार रुपए में उसे दुधौड़ा निवासी एक शख्स को बेच दिया गया।
बताया जा रहा है कि नाबालिग की बच्ची को बेचने के बाद जब नाबालिग को अस्पताल से डिस्चार्ज कराया जा रहा था। इसी दौरान रुपए को लेकर नर्स से विवाद हो गया। धीरे-धीरे यह जानकारी आसपास के लोगों को हुई फिर मामला अधिकारियों तक पहुंच गया। मामले की जानकारी होने के बाद प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद प्रकाश ने नर्स और दाई को जमकर फटकार लगाया।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई और रात में ही पुलिस ने नवजात शिशु को खरीदने वाले से लेकर प्रसूता को सौंप दिया गया। उसके बाद यह मामला सीएमओ तक पहुंचा। सीएमओ द्वारा इस मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। कहा जा रहा है की जांच रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications