जौनपुर: एनकाउंटर में पुलिस ने ढेर किए दो बदमाश, ATM गार्ड की गोली मारकर की थी हत्या
जौनपुर: एनकाउंटर में पुलिस ने ढेर किए दो बदमाश, ATM गार्ड की गोली मारकर की थी हत्या
जौनपुर, 10 अगस्त: खबर उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से है। यहां पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल, जौनपुर पुलिस ने मंगलवार की सुबह दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के बहरा पीली नदी के समीप हाईवे और रेलवे क्रासिंग के बीच हुई है। मुठभेड़ में मारे गए यह दोनों बदमाश 09 अगस्त को हुई धनियामऊ में कैश वैन लूटने के प्रयास में और गार्ड को गोली मारने की घटना में शामिल थे।

जौनपुर एसएसपी अजय साहनी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार की सुबह 4 बजे गश्त के दौरान पुलिस को दो संदिग्ध लोगों की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर आसपास के थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। पुलिस से जब बाइक सवार बदमाशों का आमना सामना हुआ तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों को गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि फायरिंग में एक गोली एक सब इंस्पेक्टर की जैकेट को छूती हुई निकल गई, जबकि एक सिपाही जख्मी हो गया। एसएसपी ने बताया कि मुठभेड़ में मारे दोनों बदमाशों की पहचान अभिषेक गौतम और नितिन मौर्य के रूप में हुई है। इन दोनों बदमाशों के ऊपर दर्जन भर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अपराधी नितिन हिस्ट्रीशीटर है। नितिन की हिस्ट्रीशीट सिंगरामऊ थाने में खुली है। उसके ऊपर कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं। जिसमे से एक हत्या का मुकदमा भी शामिल है।
दोनों हाथों में पिस्टल लेकर कैश वैन लूटने का किया था प्रयास
बक्सा थाना क्षेत्र के धनियामऊ बाजार में 9 अगस्त की दोपहर 3 बजे लूट की नीयत से दो बदमाशों ने एटीएम के अंदर बैठे गार्ड पर फायर झोंक दिया। अचानक हुई फायरिंग से अफरातफरी मच गई। इस दौरान एक गोली गार्ड रामअवध चौबे की कमर में लग गयी। वहीं दूसरे गार्ड आशुतोष ने भी बदमाशों के ऊपर दो राउंड फायरिंग कर दी। जिसके बाद बदमाश पल्सर गाड़ी पर सवार होकर भाग गए।
गार्ड की हत्या कर भागे थे बदमाश
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल गार्ड को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जहां डॉक्टरों ने खून अधिक बह जाने की वजह से गार्ड रामअवध चौबे को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान साथी गार्ड आशुतोष ने बताया कि जवाबी फायरिंग उनकी तरफ से भी की गई है। उन्होंने बदमाशों के ऊपर गोली चलाई। बता दें कि जिस वक्त यह हमला हुआ, उस वक्त कैश वैन में कुल 5 लोग मौजूद थे। जिसमें दो गार्ड, दो कस्टोडियन और एक ड्राइवर था। हालांकि कैश वैन सुरक्षित थी।












Click it and Unblock the Notifications