जौनपुर: हिरासत में युवक की मौत के मामले में 9 पुलिसवालों की तस्वीर जारी, इनाम घोषित
जौनपुर, 25 नवंबर: यूपी के जौनपुर में 9 महीने पहले सपा नेता कृष्णा यादव उर्फ पुजारी यादव नाम के युवक की पुलिस हिरासत में मौत के मामले में आरोपी 9 पुलिसकर्मी अभी भी फरार हैं। हाईकोर्ट के निर्देश पर मामले की जांच कर रही सीबीआई ने अब इन 9 पुलिसकर्मियों की तस्वीर जारी करते हुए इनपर 25-25 हजार का इनाम घोषित कर दिया है। बता दें, युवक की पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया था। परिजनों का कहना था कि पुलिस ने कृष्णा को जबरदस्ती घर से उठाया था।

क्या है पूरा मामला ?
जौनपुर के बक्सा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर में रहने वाले कृष्णा यादव उर्फ पुजारी यादव को 11 फरवरी 2021 को रात 8 बजे पुलिस और एसओजी की टीम छिनैती के केस में पूछताछ के लिए घर से ले गई थी। आरोप है कि पुलिसवालों ने युवक को थाने में बुरी तरह पीटा। आरोप है कि पुलिस की पिटाई से ही उसकी मौत हुई। मामले में बक्सा थाने के तत्कालीन एसओ अजय कुमार सिंह, तत्कालीन एसओजी प्रभारी पर्व कुमार सिंह, कांस्टेबल जयशील तिवारी, कांस्टेबल कमल बिहारी बिंद, जितेंद्र सिंह, राज कुमार वर्मा, श्वेत प्रकाश सिंह, राजेंद्र सिंह और अंगद प्रसाद चौधरी आरोपी हैं।
आरोपी पुलिसकर्मियों पर 25 हजार का इनाम घोषित
इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर जांच सीबीआई कर रही है। इस मामले के आरोपी 9 पुलिसकर्मी फरार चल रहे हैं। सीबीआई ने इनकी गिरफ्तारी को लेकर तस्वीर जारी कर दी है। साथ ही इन सभी पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications