Jaunpur News: भाजपा नेता के गनर की गोली लगने से मौत, सुबह उठते ही खुद को मार ली गोली, पुलिस जांच में जुटी
UP Jaunpur news today: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में भाजपा नेता मनोज सिंह के गनर रत्नेश प्रजापति की रविवार सुबह में गोली लगने से मौत हो गई। मौजूद कर्मचारियों का कहना है कि सिपाही ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या की है।
वहीं इस मामले में पुलिस द्वारा बताया गया कि असलहा साफ करते समय गोली लगने की आशंका है। गोली लगने के बाद गनर की मौत हो गई है। एसपी ग्रामीण द्वारा बताया गया कि घटना की जांच करने के साथ ही मृतक के घर वालों को सूचना दे दी गई है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

फार्म हाउस पर मौजूद था गनर
बताया जा रहा है कि भाजपा नेता मनोज सिंह का बरसठी थाना क्षेत्र के बबुरी गांव में फार्म हाउस है। मनोज सिंह मौजूदा समय में अपने घर नहीं हैं। ऐसे में उनके दो गनर बबुरी गांव में स्थित फार्म हाउस पर मौजूद थे। शनिवार रात में खाना खाने के बाद दोनों सो गए थे।
बताया जा रहा है कि गनर रत्नेश प्रजापति रविवार सुबह उठने के बाद फार्म हाउस के बरामदे में आकर बैठा था। बरामदे में बैठने के बाद कुछ देर में वह उठा और फार्म हाउस के पिछले हिस्से में गया। इसी दौरान उसने खुद को गोली मार ली।
गोली चलने की आवाज सुनकर फार्म हाउस पर तैनात साथ ही गनर रजत पांडेय और अन्य कर्मचारी भागते हुए वहां पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद लोगों ने देखा कि रत्नेश प्रजापति को गोली लगी थी और वह जमीन पर गिरकर छटपटा रहा था।
कर्मचारियों ने भाजपा नेता के परिजनों को सूचना देने के साथ ही गनर को एक निजी अस्पताल लेकर गए वहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में लेकर पहुंचने के बाद डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इस बारे में जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण शैलेंद्र सिंह द्वारा बताया गया कि गोली लगने से गनर की मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल करने के बाद डेड बॉडी कब्जे में ले ली। मृतक के परिजनों को सूचना दिया गया है।
उन्होंने यह भी बताया की संभावना जताई जा रही है कि सुबह में असलहा साफ करते समय अचानक गोली चली और गनर की मौत हो गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। घर वालों के आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी
यह भी बता दें कि मनोज सिंह काफी समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। जौनपुर के मल्हनी विधानसभा में उपचुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी द्वारा उन्हें प्रत्याशी बनाया गया था। हालांकि इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लकी यादव से वह चुनाव हार गए थे।












Click it and Unblock the Notifications