Jaunpur News: महिला के पेट में एक महीने से हो रहा था दर्द, अल्ट्रासाउंड कराने के बाद पति पहुंचा थाने
जौनपुर में एक अस्पताल में डॉक्टर की लापरवाही का मामला सामने आया है। डॉक्टर ने ऑपरेशन करने के बाद एक महिला के पेट में रुमाल छोड़ दिया। इस मामले में पुलिस से शिकायत की गई है और डॉक्टर फरार हो गया है।

ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों द्वारा लापरवाही किए जाने की घटनाएं कई बार सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके कुछ चिकित्सकों द्वारा ऐसे मामलों को लेकर सावधानी नहीं बरती जाती है और मरीज को परेशान होना पड़ता है। ऐसा ही एक मामला Jaunpur जनपद से सामने आया है, जहां एक महिला का ऑपरेशन करने के बाद डॉक्टर उसके पेट में ही रुमाल छोड़ दिया। मामले की जानकारी होने के बाद महिला के पति द्वारा डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।

24 सितंबर को हुआ था महिला का प्रसव
दरअसल जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना अंतर्गत उमरपुर गांव निवासी राकेश गौतम की पत्नी कंचन गर्भवती थी। कंचन को लेकर उसका पति सुजानगंज बेलवार तिराहे पर एक हॉस्पिटल में पहुंचा। प्रसव पीड़ा अधिक होने के चलते कंचन को वहीं पर भर्ती कर दिया गया। 24 सितंबर को ऑपरेशन के बाद कंचन का प्रसव हुआ। करीब एक सप्ताह तक अस्पताल में रखने के बाद डॉक्टर ने 68 हजार रुपए लेकर छुट्टी दे दी। राकेश गौतम का कहना है कि उस समय सब कुछ सही था हालांकि कंचन द्वारा पेट में हल्का फुल्का दर्द होने के बाद कहीं जा रही थी ऐसे में कहा गया कि ऑपरेशन के बाद इतना दर्द होता है।

धीरे-धीरे महिला के पेट में बढ़ने लगा दर्द
पति राकेश का कहना है कि घर पर आने के बाद काफी समय गुजर गया लेकिन कंचन के पेट का दर्द ठीक नहीं हुआ। उसने यह भी कहा कि जैसे जैसे समय गुजर रहा था उसी तरह कंचन के पेट का दर्द और अधिक बढ़ रहा था। ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर से बात की गई तो उसने कहा कि सभी महिलाओं को ऐसा होता है कुछ दिन में सामान्य हो जाएगा। ऐसे में कंचन और उसके पति राकेश को भी लगा कि हो सकता है ऑपरेशन के चलते ही अभी तक दर्द हो रहा है। एक महीना गुजर जाने के बाद कंचन को बुखार भी आने लगा और वह पेट दर्द से चीखने चिल्लाने लगी।

अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट देखने के बाद पति रह गया हैरान
पत्नी के पेट का दर्द ठीक ना होने के कारण पति राकेश उसे दूसरे अस्पताल में लेकर पहुंचा जहां डॉक्टरों ने अल्ट्रासाउंड करवाने की सलाह दी। अल्ट्रासाउंड करवाने के बाद रिपोर्ट आने पर पता चला कि महिला के पेट में रुमाल पड़ी हुई है। उसके बाद पति परेशान हो गया और फिर प्रयागराज में एक चिकित्सक के पास गया जहां 7 नवंबर को ऑपरेशन करके महिला के पेट से रुमाल को बाहर निकाला गया। पेट में रुमाल छोड़ने वाले डॉक्टर को लेकर राकेश को बहुत गुस्सा आया और वह इस मामले में सुजानगंज थाने पहुंचकर डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सुजानगंज थाने की पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। इस बारे में थाना प्रभारी सुजानगंज घनश्याम शुक्ला ने बताया कि पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्लीनिक संचालक क्लीनिक बंद करके फरार है, उसकी खोजबीन की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications