कृषि बिल और कोरोना वैक्सीन को लेकर अखिलेश का BJP पर हमला, कही ये बातें
जौनपुर। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh yadav) मंगलवार को जौनपुर पहुंचे। यहां वह बरसठी ब्लॉक के आदमपुर निगोह स्थित श्रीराम महाविद्यालय में पूर्व विधायक और कैबिनेट मंत्री पारस नाथ यादव की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने उनको पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान अखिलेश यादव ने लोगों से अगामी विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने की अपील करते हुए कहा कि यह आखिरी चुनाव है, इस बार जरूर समाजवादी पार्टी को जिता देना। उन्होंने कहा कि अगर नहीं जीते तो लोकतंत्र भी जिंदा नहीं रहेगा। इस दौरान अखिलेश ने किसानों के मुद्दे और कोविड वैक्सीन को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला।

कृषि बिल तुरंत वापस लेने मोदी सरकार
कृषि कानून पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद अखिलेश यादव ने मोदी सरकार से कृषि बिल तुरंत वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार कानून नहीं हटाती है तो आने वाले समय में आपकी सरकार का कहीं भी पता नहीं चलेगा। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी को याद रखना चाहिए कि उन्होंने किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही थी। अब एमएसपी मांग रहे किसानों को बीजेपी को एमएसपी देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा कुछ लोगों के हाथों में सब कुछ दे देना चाहती है। समाजवादी पार्टी जब किसानों के पक्ष में खड़ी हुई तो सरकार ने कहा कि यह किसानों का मुद्दा है, इसे राजनीतिक मुद्दा न बनाएं। अखिलेश ने कहा, समाजवादी किसान होते हैं, अगर समाजवादी किसानों के साथ खड़े नहीं होंगे तो कौन खड़ा होगा।
कोविड वैक्सीन को लेकर मोदी सरकार पर निशाना
अखिलेश यादव ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी से अच्छा कोई झूठ नहीं बोलता है। सरकार को बताना चाहिए कि हमारी गरीब जनता को कब तक फ्री वैक्सीन मिलेगी। अखिलेश ने भी कहा कि कोविड वैक्सीनेशन को लेकर उन्हें देश के वैज्ञानकों और डॉक्टरों पर भरोसा है, लेकिन भाजपा सरकार पर नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले इस बात का भरोसा दिलाए कि गांव-गरीब को वैक्सीन कब तक लगेगी और फ्री लगेगी या नहीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा, जो लोग बुलडोजर लेकर घूम रहे हैं, वो यह बताएं कि बुलडोजर कहां चलना चाहिए, जिनके घर के नक्शे पास नहीं है या 50 साल की महिला के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपियों के घरों पर पर बुलडोजर चलने चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications