जम्मू में सेना का सबसे बड़ा ऑपरेशन, 24 आतंकियों को मार गिराने उतरे इंडियन आर्मी के 7 हजार जवान
Army Operation in Jammu: बीते 86 दिन में 10 आतंकी हमलों और 12 जवानों की शहादत के बाद भारतीय सेना के जवानों का खून खौल उठा है। कई दशक से शांत जम्मू रीजन में आतंक फिर सिर उठा रहा है। ऐसे में भारतीय सेना ने आतंक के खिलाफ सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
जम्मू रीजन में छिपे 24 आतंकियों को तलाशकर उनका सफाया करने के लिए भारतीय सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस के 7000 हजार जवानों को लगाया गया है, जिसके पास 8 ड्रोन हेलिकॉप्टर्स और 40 खोजी कुत्ते भी हैं।

दैनिक भास्कर में सैन्य सूत्रों के हवाले से खबर छपी है कि एंटी टेरेरिस्ट ऑपरेशन में अधिकांश राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस के स्पेशल कमांडोज हैं। दूसरी तरफ सेना ने जंगलों वाले ऊंचे इलाकों में विलेज गार्ड भी तैनात किए हैं।
15 जुलाई 2024 की रात को डोडा में आतंकी हमले में राष्ट्रीय राइफल्स के कैप्टन ब्रजेश थापा, सिपाही अजय सिंह नरूका व बिजेंद्र सिंह दारौता समेत चार जवान शहीद हो गए थे। अजय सिंह व बिजेंद्र सिंह राजस्थान के झुंझुनूं जिले के रहने वाले थे।
Recommended Video
सात हजार जवानों की 'फौज' को आतंकियों को मार गिराने के लिए जम्मू रीजन के डोडा और कठुआ जिलों में पीर पंजाल श्रेणी के जंगलों में उतारा गया है। इन्होंने 120 वर्ग किलोमीटर जंगल में पांच लोकेशन चुनी है।
सैन्य सूत्रों के हवाले से खबर है कि इन लोकेशनों पर करीब 24 आतंकियों की मौजूदगी है। इनमें वो आतंकी भी शामिल हैं, जिनके साथ भारतीय जवानों की 15 जुलाई 2024 की रात को डोडा जिले के डेसा जंगल में मुठभेड़ हुई थी।
कौन होते हैं विलेज गार्ड?
जम्मू कश्मीर में जब आतंकवाद चरम पर था तब साल 1995 में 25 हजार विलेज गार्ड विभिन्न इलाकों में तैनात किए गए थे। स्थानीय लोगों में चुने जाने वाले विलेज गार्ड एक तरह सेना के बड़े मददगार होते हैं। इनको सैन्य ट्रेनिंग के बाद मैदान में उतारा जाता है। इन्हें चार हजार रुपए महीना वेतन और हथियार मुहैया करवाए जाता है।
जम्मू में हाल ही हुए आतंकी हमले
- 15 जुलाई: डोडा में जवानों पर आतंकी हमला। कैप्टन समेत चार जवान शहीद।
- 8 जुलाई: कठुआ में सेना पर आतंकी हमला। पांच जवान शहीद। आतंकी फरार हो गए।
- 7 जुलाई: राजौरी में सुरक्षा पोस्ट पर फायरिंग। आतंकी भाग गए।
- 26 जून: डोडा में बड़ी मुठभेड़ में 3 विदेशी आतंकी मार गिराए गए।
- 12 जून: डोडा में हमला। पुलिस जवान घायल। आतंकी फरार।
- 11 जून: कठुआ में एनकाउंटर में दो आतंकी मार गिराए गए। जवान शहीद।
- 9 जून: रायसी में श्रद्धालुओं की बस पर आतंकी हमला। 9 की मौत।
- 4 मई: पुंछ में वायुसेना जवान शहीद। पांच घायल। आतंकी फरार।
- 28 अप्रैल: उधमपुर में विलेज गार्ड की हत्या। आतंकी फरार।
- 22 अप्रैल: राजौरी में सरकारी कर्मचारी को गोली मारी।












Click it and Unblock the Notifications