जम्मू कश्मीर: कुलगाम जिले के चिमार में सुरक्षाबलों ने ढेर किए 2 आतंकी, एनकाउंटर अभी भी जारी
श्रीनगर, 30 जून। जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया है। इसके अलावा एक आतंकी के सरेंडर करने की भी जानकारी है। हालांकि अभी ना तो मारे गए आतंकियों की पहचान हो पाई है औ ना ही सरेंडर करने वाले आतंकी की। जानकारी के मुताबिक, कुलगाम के चिमार इलाके में सर्च ऑपरेशन पर गई सुरक्षाबलों की टीम पर आतंकियों ने फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई शुरू हुई और फिर एनकाउंटर शुरू हो गया।

जम्मू कश्मीर में बढ़ गए हैं आतंकियों के हमले
आपको बता दें कि जम्मू कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से आंतकियों के हमलों में इजाफा देखने को मिला है। बीते शनिवार की रात जम्मू स्थित वायुसेना के एयरबेस पर ड्रोन के जरिए आतंकी हमला किया गया। वहीं पुलवामा जिले में आतंकियों ने एक जम्मू कश्मीर पुलिस के एक SPO की घर में घुसकर हत्या कर दी थी। आतंकियों ने इस दौरान उस जवान की पत्नी, बेटी और पोते को भी मौतके घाट उतार दिया था। इतना ही नहीं बुधवार को जम्मू के कई इलाकों में फिर से ड्रोन उड़ते हुए नजर आए थे। ड्रोन उड़ने की घटना खासकर सुरक्षाबलों के ठिकानों के आसपास हुई है।
शुक्रवार को शोपियां में मारा गया था लश्कर का आतंकी
बीते शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने शोपियां जिले में लश्कर ए तैयबा के एक आतंकी को भी मार गिराया था। एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों ने एक कश्मीरी आतंकी का सरेंडर भी कराया था। उस आतंकी का नाम साहिल रमजान डार है। वह कश्मीर का ही रहने वाला है। सुरक्षाबलों ने बढ़ी सूझबूझ के साथ आतंकी से सरेंडर करवाया था।












Click it and Unblock the Notifications