जम्मू-कश्मीर में दहशतगर्दों की हलचल, कठुआ में दिखे 4 संदिग्ध, सेना का सर्च ऑपरेशन जारी
Pahalgam Terror Attack: 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सेना ने जम्मू-कश्मीर के विभिन्न इलाकों में बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। इस बीच कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में चार संदिग्ध दहशतगर्दों के देखे जाने की खबर सामने आई है। यहां एक महिला ने चन्नी इलाके में इन संदिग्धों को देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया।
इस सूचना के बाद सुरक्षाबल सक्रिय हो गए और इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह संदिग्ध आतंकवादी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास दिखे थे, जहां से पहले भी घुसपैठ की कोशिशें की जा चुकी हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) और स्थानीय पुलिस मिलकर इस इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

सुरक्षाबलों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है। खबर के मुताबिक, ड्रोन और स्निफर डॉग्स की भी मदद ली जा रही है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर के विभिन्न अन्य इलाकों जैसे उधमपुर, किश्तवाड़, राजौरी, पुंछ और कठुआ में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इन क्षेत्रों में, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के विशेष जवान इलाके की सघन जांच कर रहे हैं। डुडु-बसंतगढ़ इलाके में जारी ऑपरेशन में, सेना की विशेष बलों के जवानों ने हवाई निगरानी के लिए हेलिकॉप्टर और ड्रोन का भी इस्तेमाल किया है। क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति पर नजर रखते हुए, डोडा में शुक्रवार को एक सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में संभागीय आयुक्त रमेश कुमार और पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी ने सुरक्षा उपायों की समीक्षा की और भविष्य के अभियानों की तैयारियों पर चर्चा की। जम्मू-कश्मीर में बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों के बीच, सुरक्षाबल लगातार आतंकवादियों की तलाश में जुटे हैं, जबकि इलाके की सुरक्षा स्थिति को स्थिर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications