श्रीनगर के लाल बाजार में आतंकी हमला, ASI शहीद, दो जवान घायल
श्रीनगर, 12 जुलाई: इस साल कश्मीर घाटी में सुरक्षाबलों ने कई बड़े ऑपरेशन चलाए, जिसमें बहुत से आतंकी मारे गए। आमने-सामने की लड़ाई में हार के बाद अब आतंकी संगठन बौखलाए हुए हैं, ऐसे में वो छिपकर वार कर रहे। इसी क्रम में आतंकियों ने मंगलवार शाम को श्रीनगर में एक नाका पार्टी को निशाना बनाया। जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। बाद में इलाज के दौरान एक ASI शहीद हो गए, जबकि दोनों अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक श्रीनगर के लाल बाजार में सुरक्षाबल के जवान नियमित ड्यूटी पर थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात आतंकी वहां पहुंचे और नाका पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में तीन जवान घायल हुए थे। जिनको आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पर एएसआई मुश्ताक अहमद शहीद हो गए, जबकि दोनों अन्य का इलाज जारी है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ट्वीट कर अपने साथी को श्रद्धांजलि दी है।
वहीं दूसरी ओर घटना को अंजाम देने के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। जिस वजह से सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही सभी नाका पार्टियों को भी अलर्ट किया गया है। अभी एक हफ्ते पहले भी आतंकियों ने अनंतनाग जिले में इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया था। उस दौरान आतंकियों ने एक पुलिसकर्मी को गोली मार दी थी। हालांकि वक्त रहते उनको सुरक्षाबलों ने अस्पताल पहुंचा दिया, जिस वजह से उनकी जान बच गई।
पुलवामा में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम
वहीं दूसरी ओर आतंकियों ने पुलवामा जिले के चौधरी बाग रोड के पास एक पांच किलोग्राम का सिलेंडर छिप रखा था, जो पूरी तरह से पटाखों से भरा हुआ था। उनका प्लान इसमें ब्लास्ट करने का था, ताकि उस रोड पर जाने वाले नागरिकों और सुरक्षाबलों को ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाया जा सके। हालांकि बाद में भारतीय सेना के बम निरोधक दस्ते ने इसे नाकाम कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications