श्रीनगर की नागिन झील में बोट राइड करती नजर आईं सोनिया गांधी, आज राहुल से करेंगी मुलकात
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने शनिवार को श्रीनगर पहुंचकर नागीन झील में नाव की सवारी की। वह यहां पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात करने वाली हैं। सोनिया गांधी तीन दिवसीय निजी दौरे पर शुक्रवार को श्रीनगर पहुंचीं।
राहुल गांधी भी शुक्रवार को लद्दाख से श्रीनगर पहुंच गए हैं। राहुल गांधी पिछले एक हफ्ते से लद्दाख में थे। यहां राहुल हाउसबोट और होटल में आराम करेंगे। यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि, "राहुल जी अपने एक सप्ताह के लद्दाख दौरे के बाद शुक्रवार शाम को श्रीनगर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि वायनाड सांसद शनिवार को अपनी मां से मुलाकात करने वाले हैं।
जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के अध्यक्ष विकार रसूल वानी के अनुसार, दोनों अपने प्रवास के दौरान किसी भी पार्टी नेता के साथ किसी भी राजनीतिक बैठक में शामिल नहीं होंगे। यह उनका एकदम निजी दौरा है।
2019 में केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा दिए जाने के बाद राहुल गांधी इस क्षेत्र की अपनी पहली यात्रा पर 2 अगस्त को लद्दाख पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक राहुल की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ उनके पति रॉबर्ट वाड्रा के भी इस ट्रिप में शामिल हो सकते हैं। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस साल जनवरी में श्रीनगर में भारत जोड़ो यात्रा के समापन के बाद यह उनकी कश्मीर की पहली यात्रा है। अपने एक सप्ताह के लद्दाख प्रवास के दौरान, राहुल ने रविवार को अपने पिता की पसंदीदा जगह पैंगोंग झील पर स्थानीय युवाओं के साथ अपने पिता और पूर्व प्रधान मंत्री राजीव गांधी की जयंती मनाई।
राहुल गांधी 22 अगस्त को लेह से बाइक चलाकर 130 किलोमीटर दूर लामायुरू पहुंचे। कांग्रेस ने राहुल की ट्रिप की तस्वीरें ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा था- मोहब्बत का सफर जारी है।
राहुल लद्दाख में लगभग 700 किलोमीटर बाइक चला चुके हैं। उन्होंने 19 अगस्त को लेह से पैंगोंग लेक तक करीब 224 किमी बाइक चलाई। इसके बाद 21 अगस्त को 264 किमी बाइक चलाकर पैंगोंग लेक से खारदुंग ला पहुंचे। उसी दिन खारदुंग ला से 40 किमी दूर लेह गए। 22 अगस्त को उन्होंने लेह से लामायुरू तक 136 किमी बाइक चलाई।












Click it and Unblock the Notifications