Jammu: अंतरराष्ट्रीय सीमा से घुसपैठ कर रही महिला को BSF ने किया ढेर, श्रीनगर में भी मारे गए दो आतंकी
जम्मू, 13 दिसंबर: जम्मू-कश्मीर में सीमा सुरक्षा बल ने एक महिला घुसपैठिए को मार गिराया। वो पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में आने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान फेंसिंग के पास उसे ढेर किया गया। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। महिला के पास से क्या बरामद हुआ, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। फिलहाल बीएसएफ जवान पूरे इलाके को घेरकर सर्च अभियान चला रहे हैं। इसके अलावा कश्मीर घाटी में भी एक मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया गया।

सूत्रों के मुताबिक आरएस पुरा सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से कुछ लोग भारतीय सीमा में आने की कोशिश कर रहे थे, तभी वहां गश्त कर रहे जवानों की नजर उन पर पड़ गई। जिसके बाद तुरंत मोर्चा संभालते हुए बीएसएफ जवानों ने उन्हें वार्निंग दी और सरेंडर करने को कहा, लेकिन वो भागने लगे। इस पर जवानों ने भी फायरिंग की, जिसमें एक महिला ढेर हुई। बीएसएफ प्रवक्ता के मुताबिक जवान लगातार घुसपैठियों को फेंसिंग पार नहीं करने की चेतावनी दे रहे थे, लेकिन उन्होंने इसे अनसुना कर दिया। जिस वजह से फायरिंग करनी पड़ी।
ये पाकिस्तान की नई चाल
वैसे तो एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ आम बात है, लेकिन ये पहली बार हुआ है, जब एक महिला घुसपैठिए को बीएसएफ ने ढेर किया। सूत्रों के मुताबिक बीएसएफ की वजह से अब घुसपैठ काफी हद तक कम हो गई है। जिस वजह से पाकिस्तान रोजाना नई चाल चल रहा है। माना जा रहा कि अब वो महिलाओं को ढाल बनाकर भेज रहा, ताकि उनके पीछे आतंकी बच सकें।
श्रीनगर में दो आतंकी ढेर
वहीं दूसरी ओर श्रीनगर के रंगरेट इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों की मुठभेड़ हुई। जिसमें अब तक दो आतंकी मारे गए हैं। हालांकि दोनों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मुठभेड़ अभी जारी है। पूरे इलाके को घेरकर तलाशी ली जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications