Pahalgam Attack: आतंकी अब भी दक्षिण कश्मीर में सक्रिय? क्या फिर से करेंगे अटैक? चौंकाने वाली NIA रिपोर्ट
Pahalgam Attack NIA report: 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में हुआ आतंकी हमला न केवल भयावह था, बल्कि इसकी योजना और अंजाम देने का तरीका बेहद खतरनाक रूप से पेशेवर था। अब नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA)और सुरक्षा एजेंसियों की जांच में कुछ नए और चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, हमले में शामिल आतंकवादी पूरी तरह आत्मनिर्भर हैं। वे अपने साथ खाने-पीने और जरूरी सामान लेकर चल रहे हैं, जिससे वो बिना बाहरी मदद के जंगलों में लंबे समय तक टिक सकते हैं। विश्वसनीय इनपुट्स से पता चला है कि ये आतंकी अभी भी दक्षिण कश्मीर में छिपे हो सकते हैं।

हमले की तैयारी: एक हफ्ते पहले की थी रैकी
जांच से पता चला है कि आतंकियों ने 15 अप्रैल को इलाके के तीन अलग-अलग हिस्सों की टोह ली थी। उन्होंने एक मनोरंजन पार्क को भी निशाना बनाने की कोशिश की थी, लेकिन वहां सुरक्षा कड़ी थी, इसलिए योजना बदल दी गई।
हमले का प्लान और क्रूर रणनीति
चार आतंकियों ने मिलकर हमला किया, जिसमें दो मुख्य द्वार से घुसे, एक निकास द्वार पर तैनात था। एक पास के देवदार के जंगल में छिपा था, ताकि कवर फायर दे सके। दो आतंकियों ने सेना की वर्दी पहनी थी, और एक ने पारंपरिक कश्मीरी फेरन।
कैसे दिया गया हमला अंजाम?
हमले में प्रवेश और निकास दोनों ब्लॉक कर दिए गए , ताकि पर्यटक फंस जाएं। हमलावरों ने भीड़ पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं , जिसमें 26 लोगों की मौत हुई। महिलाओं और पुरुषों, हिंदुओं और मुसलमानों को अलग करने की कोशिश की गई। जब लोग अलग नहीं हुए, तो आतंकियों ने 'कलमा' पढ़ने को कहा, और फौरन फायरिंग शुरू कर दी।
सबसे ज्यादा मौतें कहां हुईं?
चाय और भेलपुरी की दुकानों के पास, जहां सबसे ज्यादा लोग जमा थे।
उन्नत तकनीक का इस्तेमाल
आतंकियों ने ऐसी कम्युनिकेशन डिवाइस का इस्तेमाल किया, जो सिम कार्ड के बिना काम करती है और एन्क्रिप्टेड होती है। इससे रियल टाइम ट्रैकिंग बेहद मुश्किल हो गई।
भारत के सामने अब क्या चुनौतियां हैं?
हमलावरों की खास ट्रेनिंग और आत्मनिर्भरता उन्हें ढूंढने और पकड़ने में बड़ी चुनौती बना रही है। इस्तेमाल की गई सुरक्षा तकनीक और गुप्त रणनीति से यह साफ है कि हमला सिर्फ 'स्थानीय स्तर का' नहीं था - इसके पीछे एक बड़ी और संगठित आतंकी योजना थी।












Click it and Unblock the Notifications