Pahalgam Attack: पहलगाम ही नहीं, कश्मीर के 3 टूरिस्ट प्लेस भी थे आतंकियों की हिट लिस्ट पर, कर चुके थे रेकी
Pahalgam Attack Update News: जम्मू कश्मीर के पहलगाम हुए आतंकी हमले को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आ रहा है। पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकवादियों ने हमले के लिए पहलगाम में बैसरन घाटी के अलावा तीन अन्य स्थानों की भी रेकी की थी। पहलगाम के आतंकियों की हिट लिस्ट पर कश्मीर के 3 टूरिस्ट प्लेस भी थे। ये बात राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की जांच में सामने आई है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक कश्मीर के 3 अन्य टूरिस्ट प्लेस में अरु घाटी, मनोरंजन पार्क और बेताब घाटी (हजन घाटी) भी आतंकियों की हिट लिस्ट पर थी। इन तीनों जगहों पर आतंकियों ने रेकी भी की थी। हालांकि उनकी योजना सुरक्षा बलों की मौजूदगी के कारण विफल हो गई।

15 अप्रैल को आतंकियों ने इन 3 जगहों पर की थी रेकी
NIA सूत्रों के मुताबिक पहलगाम में आतंकी हमला करने से पहले 15 अप्रैल 2025 को आतंकवादियों ने इन तीनों जगहों पर जाकर रेकी की थी। एक आतंकी एम्यूजमेंट पार्क गया था। लेकिन यहां की कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था देखने के बाद हमले का प्लान टाल दिया गया।
सूत्रों ने यह भी बताया कि 22 अप्रैल को हुए हमले से दो दिन पहले आतंकवादी बैसरन घाटी में मौजूद थे। यह भी पता चला है कि चार ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGW) ने आतंकवादियों को घटनास्थलों की रेकी करने में मदद की थी। बैसरन घाटी में हमले के दौरान आतंकी ने अल्ट्रास्टेट कम्युनिकेश सिस्टम का इस्तेमाल किया था। इस सिस्टम के तहत आप बिना किसी सिम कार्ड के कम्युनिकेट और मैसेज कर सकते हैं। NIA ने इस सिस्टम के दो सिग्नल ट्रेस किए हैं।
पहलगाम आतंकी हमला: अब तक 186 लोगों को लिया गया हिरासत में
पहलगाम आतंकी हमले की जांच आगे बढ़ने के साथ ही अधिकारियों ने अब तक करीब 20 OGW की पहचान कर ली है, जबकि कुछ को गिरफ्तार भी किया गया है। हमले के सिलसिले में कुल 186 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
22 अप्रैल को हथियारबंद आतंकवादियों ने पहलगाम में पर्यटकों पर गोलीबारी करके दहशत फैला दी। जिसमें 26 लोगों की मौत हुई। हमले में मारे गए लोगों की पत्नियों और अन्य रिश्तेदारों ने बाद में मीडिया के सामने खुलासा किया कि आतंकवादियों ने पर्यटकों को गोली मारने से पहले उनके नाम और धर्म के बारे में पूछा। उन्होंने कथित तौर पर उन लोगों से भी कलमा पढ़ने को कहा, जिन्होंने कहा कि वे मुस्लिम समुदाय से हैं। आतंकवादियों ने उन लोगों को गोली मार दी, जिन्होंने कहा कि वे हिंदू हैं।












Click it and Unblock the Notifications