OI Exclusive: 'मुस्लिम बहुल राज्य गायब कर देंगे..': फारूक अब्दुल्ला ने बताया J&K को लेकर BJP से डर क्या है?
Jammu Kashmir Chunav 2024: नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने वनइंडिया को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने और भाजपा की सरकार बनने की संभावित परिस्थितियों को लेकर अपने दिल की भड़ास निकाल दी है। उन्हें इस बात का डर सता रहा है कि अगर बीजेपी सत्ता में आ गई तो वह यहां की जनसांख्यिकी (demography) बदल देगी।
जम्मू कश्मीर में 1 अक्टूबर (मंगलवार) को अंतिम दौर की मतगणना के बाद चुनाव नतीजों के इंतजार की बारी है। इस बीच फारूक अब्दुल्ला ने वनइंडिया को बताया है कि जम्मू-कश्मीर को मिले विशेष दर्जा हटने पर उन्होंने कैसा महसूस किया था और यहां बीजेपी की सरकार बनने की संभावना के बारे में वे क्या सोचते हैं।

सबकुछ योजनाबद्ध था- फारूक अब्दुल्ला
अब्दुल्ला ने बताया कि 5 अगस्त, 2019 के केंद्र सरकार के फैसले (अनुच्छेद 370) से ठीक पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा, 'मैं हिल गया था.....जब मैं प्रधानमंत्री से मिला, कश्मीर में सैनिकों के मूवमेंट को लेकर कुछ नहीं कहा, जब मैंने पूछा कि क्या किसी जंग की तैयारी हो रही है तो उन्होंने कुछ नहीं कहा। इस झूठ के साथ अमरनाथ यात्रा अचानक रोक दी गई कि एक बंदूक मिली है। सबकुछ योजनाबद्ध था।'
सत्यपाल मलिक का अब्दुल्ला ने किया बचाव
दिलचस्प बात ये है कि इस मुद्दे पर उन्होंने जम्मू कश्मीर के तत्कालीन राज्यपाल सत्यपाल मलिक का बचाव किया है। उनका दावा है कि मलिक को खुद उनके अधिकारों के बारे में भी अंधकार में रखा गया था।
'सारा कुछ पूर्वनियोजित था'
अब्दुल्ला के मुताबिक, 'सत्यपाल मलिक ने खुद ही इसपर खेद जताया है। कपिल सिब्बल के साथ एक इंटरव्यू में उन्होंने स्वीकार किया है कि जो कुछ भी हो रहा था, उसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं दी गई थी। इस फैसले के लिए विधानसभा को सत्र में होना चाहिए था, लेकिन महबूबा मुफ्ती की बर्खास्तगी से लेकर मलिक का दावा कि फैक्स मशीन काम नहीं कर रही थी, जिससे कि सरकार गठन रुक जाए, सबकुछ योजनाबद्ध था। सारा कुछ पूर्वनियोजित था।'
भाजपा की वजह से मुस्लिम बहुल राज्य गायब होने का डर!
इसके बाद अब्दुल्ला ने केंद्र शासित प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने की स्थिति को लेकर अपना डर कुछ इस तरह से जाहिर किया है कि 'मुझे लगता है कि वो राज्य की जनसांख्यिकी बदल देंगे। उनका यही इरादा है। इसलिए वो बाहर से लोगों को यहां लाकर बसाना चाहते हैं। ताकि मुस्लिम बहुल राज्य गायब हो जाए....वे भ्रम में जीते हैं...यह कभी नहीं होगा....'












Click it and Unblock the Notifications