Muttiah Muralitharan News: मुरलीधरन को 'मुफ्त' जमीन दिए जाने पर घिरी जम्मू-कश्मीर सरकार, विधानसभा में हंगामा
Muttiah Muralitharan News: धरती का स्वर्ग कहे जाने वाले केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर मुथैया मुरलीधरन को कथित तौर पर मुफ्त में जमीन आवंटित किए जाने को लेकर राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है। बीते शनिवार(8 मार्च) को विधानसभा में यह मुद्दा उठाया गया और विपक्षी विधायकों ने इस मामले को लेकर सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) पर जमकर हमला बोला।
विपक्षी सांसदों ने उन रिपोर्टों पर चिंता जाहिर की है,जिसमें पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर मुथैया मुरलीधरन को अपनी पेय पदार्थ कंपनी के लिए बॉटलिंग प्लांट स्थापित करने के लिए कठुआ जिले में मुफ्त जमीन आवंटित करने की बात कही गई है। इस मामले में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार का कहना है कि उन्हें इस मामले में कोई जानकारी प्राप्त नहीं है।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के विधायक एम वाई तारिगामी और कांग्रेस विधायक दल के नेता जी ए मीर ने इस मुद्दे पर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। उन्होंने पूछा कि एक श्रीलंकाई क्रिकेटर को फ्री में जमीन कैसे दे दी गई? तारिगामी ने मुरलीधरन का नाम लिए बिना सरकार से स्पष्टीकरण की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी को भूमि मुफ्त में आवंटित की गई है। इसके जवाब में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार ने कहा था उसे इस सौदे के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
एमवाई तारिगामी ने भूमि के निशुल्क आवंटन पर उठाया सवाल
एमवाई तारिगामी ने भूमि के निशुल्क आवंटन पर सवाल उठाया और सरकार से जवाब मांगा. वहीं कांग्रेस विधायक जीए मीर ने इस मामले को गंभीर बताया। मीर ने इस बात पर जोर दिया कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि कैसे एक गैर-भारतीय को बिना एक पैसा खर्च किए कठुआ में जमीन उपलब्ध करा दी गई।
हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार तारिगामी ने कहा, "मुझे बताया गया है कि एक पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर को ज़मीन आवंटित की गई है,वह भी बिना पैसा चुकाए। यह एक गंभीर मामला है। ज़मीन सभी के लिए बिक्री पर नहीं है। मेरी चिंता यह है कि देश का कानून सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए।
सरकार को इस मामले की कोई जानकारी नहीं: जावेद डार
विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए जम्मू-कश्मीर के ग्रामीण विकास मंत्री जावेद डार ने कहा कि सरकार को इस मामले की कोई जानकारी नहीं है, लेकिन वह इसकी जांच करेगी। उन्होंने कहा, "यह राजस्व विभाग से जुड़ा मामला है। हमारे पास कोई जानकारी नहीं है, और हम तथ्यों को जानने के लिए इसकी जांच करेंगे कि क्या किसी विदेशी क्रिकेटर को मुफ्त में जमीन आवंटित की गई है या नहीं।
गौरबतलब है कि जुलाई 2024 में इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित एक रिपोर्ट में कहा गया था कि लेफ्टिनेंट गवर्नर के प्रशासन के दौरान, मुथैया मुरलीधरन की कंपनी, सीलोन बेवरेजेस को कठुआ में 1,600 करोड़ रुपये की लागत से सॉफ्ट ड्रिंक बॉटलिंग और एल्युमीनियम कैन-मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के लिए 25.75 एकड़ (206 कनाल) जमीन आवंटित की गई थी। जानकारी के मुताबिक सॉफ्ट ड्रिंक प्लांट के लिए पूर्व दिग्गज क्रिकेटर मुथैया मुरलीधरन 1600 करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश करने की योजना बना रहे हैं।
सीलोन बेवरेज क्या है?
सीलोन बेवरेज कैन प्राइवेट लिमिटेड, 2020 में स्थापित मुरलीधरन द्वारा प्रवर्तित, एक श्रीलंकाई कंपनी है जो एल्युमीनियम के पेय कैन बनाती है। यह कंपनी मिनरल वाटर, एनर्जी ड्रिंक, सॉफ़्ट ड्रिंक, और फ़्लेवर्ड मिल्क बनाने वाली कंपनियों के लिए कैन बनाती है। कंपनी आठ अलग-अलग आकार के स्लिम, स्लीक और स्टैंडर्ड कैन बनाती है, जो विभिन्न प्रकार के ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करते हैं। वे मिनरल वाटर, एनर्जी ड्रिंक, सॉफ्ट ड्रिंक और फ्लेवर्ड मिल्क बनाने के लिए विभिन्न फर्मों के साथ सहयोग करते हैं।
बता दे कि साल 2023 में, सीलोन बेवरेज ने कर्नाटक के धारवाड़ में ज़मीन मिलने के बाद भारतीय बाज़ार में आने की घोषणा की थी। मई 2023 में, सीलोन बेवरेज ने कैम्पा सॉफ्ट ड्रिंक के लिए कैन बनाने के लिए रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के साथ रणनीतिक साझेदारी की।












Click it and Unblock the Notifications