पीएम मोदी की बैठक से पहले महबूबा मुफ्ती ने बुलाई मीटिंग, PDP नेता मदनी की रिहाई का किया स्वागत
पीएम मोदी की बैठक से पहले महबूबा मुफ्ती ने बुलाई मीटिंग, PDP नेता मदनी की रिहाई का किया स्वागत
नई दिल्ली, 20 जून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के सभी नेताओं के साथ 24 जून को नई दिल्ली में एक बैठक बुलाई है। इस बैठक से पहले पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के नेता और महबूबा मुफ्ती के रिश्तेदार सरताज मदनी को शनिवार (19 जून) को रिहा कर दिया गया है। इस फैसले का पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने स्वागत किया है और साथ ही बाकि अन्य बंदियों को रिहा करने की मांग की है। सरताज मदनी पिछले 6 महीने से नजरबंद थे। पीएम नरेंद्र मोदी के साथ 24 जून को होने वाली बैठक में महबूबा मुफ्ती शामिल होंगी या नहीं, इसको लेकर महिला नेता ने रविवार (20 जून) को पार्टी मीटिंग बुलाई है।

Recommended Video
महबूबा मुफ्ती ने पीएम नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली बैठक पर कहा है कि अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि पीएम की बैठक में हिस्सा लेना है या नहीं। महबूबा मुफ्ती ने कहा इसलिए उन्होंने पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) से इस बात पर चर्चा के लिए आज (20 जून) एक बैठक बुलाई है।
महबूबा मुफ्टी ने सरताज मदनी की रिहाई का किया स्वागत
पीडीपी के वरिष्ठ नेता सरताज मदनी की रिहाई का महबूबा मुफ्ती ने स्वागत किया है। महबूबा ने ट्वीट कर लिखा, ''राहत की बात है कि पीडीपी के सरताज मदनी को 6 महीने की गलत हिरासत के बाद आखिरकार शनिवार को रिहा कर दिया गया है। यह हाई टाइम है कि भारत सरकार जम्मू-कश्मीर में और बाहर जेलों में सड़ रहे सभी राजनीतिक कैदियों और अन्य बंदियों को रिहा कर दें। ये महामारी उनकी रिहाई करने का कारण होनी चाहिए थी।''
PDP नेता सरताज मदनी को 21 दिसंबर 2020 को लिया गया था हिरासत में
पीडीपी नेता सरताज मदनी को एमएलए हॉस्टल में नजरबंद किया गया था। यहां से शनिवार (19 जून) दोपहर उन्हें रिहा कर दिया गया है। सरताज मदनी को जिला विकास परिषद चुनाव की मतगणना से एक दिन पहले पिछले साल 21 दिसंबर 2020 को हिरासत में लिया गया था।
बता दें कि जम्मू-कश्मीर को खास दर्जा देने वाले आर्टिकल 370 को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने 5 अगस्त 2019 को हटा दिया था। उसके बाद फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती जैसे कई बड़े नेताओं को नजरबंद किया गया था।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सर्वदलीय बैठक के लिए औपचारिक आमंत्रण मिला है। बैठक 24 जून को दोपहर 3 बजे होने वाली है। महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि उन्हें 24 जून को बैठक के लिए आमंत्रण फोन कॉल के जरिए मिला है। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि वह आज या कल औपचारिक आमंत्रण की उम्मीद कर रही हूं।












Click it and Unblock the Notifications