Kishtwar में सुरक्षाबलों-आतंकियों के बीच मुठभेड़, सेना ने 2 को किया ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी
Jammu Kashmir Kishtwar Encounter: जम्मू-कश्मीर में आतंक के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। गुरुवार सुबह किश्तवाड़ जिले के चाटरू के सिंहपोरा इलाके में उस वक्त हलचल मच गई जब सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस इलाके में कम से कम तीन आतंकी घिरे हुए थे जिनमें से 2 को ढेर कर दिया गया है।
यह मुठभेड़ ऐसे समय पर हो रही है जब हाल ही में भारत ने आतंक के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है और देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। लगातार मिल रही खुफिया सूचनाओं के आधार पर सुरक्षाबल आतंकियों के खिलाफ कड़ा रुख अपना रहे हैं। किश्तवाड़ की यह मुठभेड़ भी उसी सख्त रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है, जिसके तहत आतंकियों को पनाह नहीं मिलने देने की नीति पर काम हो रहा है।

'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद बढ़े अभियान
यह मुठभेड़ ऐसे समय पर हो रही है जब हाल ही में भारत ने 7 मई को पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। इसके जवाब में पाकिस्तान ने 8, 9 और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, जिसका भारत ने कड़ा जवाब दिया। 10 मई को दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों के बीच बातचीत के बाद सैन्य कार्रवाइयों को रोकने पर सहमति बनी।
ये भी पढ़ें: स्वर्ण मंदिर में एयर डिफेंस गन तैनाती वाली बात पर चौंकाने वाला खुलासा, भारतीय सेना व SGPC ने क्या बताया?
पहलगाम हमले के बाद चला ऑपरेशन सिंदूर
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। इस हमले के बाद भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया, जिसमें आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया।
शोपियां और त्राल में मारे गए 6 आतंकी
पिछले सप्ताह दक्षिण कश्मीर के दो इलाकों-शोपियां के केलर और पुलवामा के त्राल में सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में तीन-तीन आतंकियों को ढेर किया। IGP कश्मीर वीके बर्डी ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों के आपसी तालमेल और तीव्र कार्रवाई के कारण यह बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने इसे आतंकवाद के खिलाफ बड़ी उपलब्धि बताया।
गांववालों की सुरक्षा रही बड़ी चुनौती
विक्टर फोर्स के मेजर जनरल धनंजय जोशी ने बताया कि त्राल की मुठभेड़ के दौरान आतंकियों ने गांव के अलग-अलग घरों में छिपकर फायरिंग शुरू कर दी। उस समय सबसे बड़ी चुनौती वहां फंसे आम नागरिकों को सुरक्षित निकालना था। इसके बाद सेना ने तीनों आतंकियों को मार गिराया।
उन्होंने बताया कि 12 मई को केलर के ऊपरी हिस्से में आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिली थी। 13 मई को मूवमेंट दिखने पर सेना ने कार्रवाई की और वहां तीन आतंकी ढेर किए गए।
सेना का अभियान जारी
अब किश्तवाड़ के सिंहपोरा इलाके में सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर लिया है और मुठभेड़ अभी चल रही है। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें: Defence Update: जिस चीनी ड्रोन से पाक ने किया था हमला, DRDO ने बनाया उससे बेहतर 'कामिकेज ड्रोन'












Click it and Unblock the Notifications