जम्मू संभाग में कुदरत का कहर, वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन और डोडा में बादल फटने से 30 लोगों की मौत
Vaishno Devi landslide Doda cloudburst: जम्मू संभाग में लगातार तीसरे दिन हुई मूसलधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अर्धकुंवारी क्षेत्र में भूस्खलन और डोडा जिले में बादल फटने से अब तक करीब 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 22 श्रद्धालु घायल हैं।
जम्मू में 1926 के बाद सबसे ज्यादा 248 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे पुलों के धंसने, सड़कों और रेलवे ट्रैक पर पानी भरने जैसी स्थिति बनी। कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं और स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने राहत-बचाव कार्य तेज कर दिया है।

जम्मू में बारिश का 99 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
जम्मू में इस बार बारिश ने 99 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। मंगलवार को 248 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो 1926 के बाद सबसे अधिक है। इसके चलते तवी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और शहर के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। भारी जलभराव से भगवतीनगर पुल की एक लेन धंस गई, जबकि देविका पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण जम्मू-पठानकोट हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।
राहत और बचाव में जुटी सेना और NDRF की टीम
भारी बारिश का असर रेल और हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। चक्की खड्ड पुल को नुकसान पहुंचने के बाद रेलवे बोर्ड ने जम्मू-दिल्ली मार्ग पर सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि जम्मू से आने-जाने वाली चार उड़ानें भी रद्द करनी पड़ीं। राहत और बचाव कार्य के लिए सेना और एनडीआरएफ की टीमें तैनात हैं। सांबा जिले में जवानों ने गुज्जर समुदाय के सात लोगों को बाढ़ग्रस्त नदी से सकुशल बाहर निकाला। प्रशासन ने एहतियातन रात नौ बजे के बाद घरों से बाहर निकलने पर रोक लगाने की अपील की है।
गृह मंत्री अमित शाह ने LG और CM से की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात कर हालात की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अगले 40 घंटों तक भारी बारिश की आशंका जताई है। लगातार भूस्खलन और बाढ़ से जूझ रहे जम्मू संभाग में स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि प्रशासन राहत और बचाव कार्यों को तेज़ी से अंजाम देने में जुटा है।
ये भी पढ़ें Cloud Burst: धराली में कुदरत का कहर, जानिए क्यों फटते हैं बादल? क्या है इसके पीछे का कारण












Click it and Unblock the Notifications