Jammu Kashmir News: जम्मू के रामबन में बड़ा हादसा, सेना के तीन जवान शहीद, श्रीनगर की ओर जा रहा था काफिला
Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के रामबन (Ramban) में बड़ा हादसा हो गया है। सेना का ट्रक गहरी खाई में गिर गया है जिसमें 3 जवान शहीद हो गए हैं। रामबन के बटोते पुलिस स्टेशन (Batote Police Station) के एसएचओ ने इसकी जानकारी दी है।

करीब 200 से 300 मीटर गहरी खाई में गिरी गाड़ी
बटोते पुलिस स्टेशन के एसएचओ विक्रम परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि, जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के बैटरी चश्मा (Battery Chashma) इलाके में एक दर्दनाक हादसे में तीन सैनिक शहीद हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब सेना का एक ट्रक, जिसमें वे सवार थे, करीब 200 से 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया।
जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रहा था काफिला
ट्रक जम्मू से श्रीनगर की ओर एक काफिले के साथ जा रहा था। हादसे के बाद पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत और बचाव अभियान चलाया। शहीद जवानों के शवों को रामबन जिला अस्पताल लाया जा रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जताया दुख
वहीं इस हादसे पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दुख जताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर लिखा है कि,जम्मू और कश्मीर के रामबन में हुई भीषण दुर्घटना की खबर से अत्यंत दुख हुआ, जहाँ एक वाहन दुर्घटना में भारतीय सेना के तीन वीर जवानों ने अपनी जान गंवा दी।
हम राष्ट्र के प्रति उनके निःस्वार्थ सेवा को सलाम करते हैं। हमारे वीर सपूतों के परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं।
चूँकि इसी घाटी में इस वर्ष मार्च में एक और घातक हादसा हुआ था जिसमें नागरिकों की जान गई थी, हम प्रशासन से अपील करते हैं कि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल उपयुक्त और पर्याप्त सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं।
ॐ शांति।












Click it and Unblock the Notifications