Jammu Kashmir Exit Polls 2024: किस स्थिति में बनेगी BJP की अगुवाई वाली सरकार? यह एग्जिट पोल कर रहा इशारा
Jammu Kashmir Exit Exit Polls 2024 News: जम्मू और कश्मीर चुनावों को लेकर विभिन्न एजेंसियों के एग्जिट पोल के अनुमानों में भी जमीन-आसमान का अंतर है। ज्यादातर एग्जिट पोल त्रिशंकु विधानसभा की ओर इशारा कर रहे हैं। लेकिन, एक ऐसी ही त्रिशंकु विधानसभा की भविष्यवाणी वाले एग्जिट पोल में जम्मू और कश्मीर में भाजपा की अगुवाई वाली पहली सरकार बनने की भी संभावना नजर आ रही है।
जम्मू और कश्मीर के लिए हुए ज्यादातर एग्जिट पोल में नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन को बढ़त दिखाई गई है। कुछ ने इन्हें पूर्ण बहुमत मिलने की भी संभावना दिखाई है। वहीं किसी ने भी भाजपा को बहुमत मिलने का अनुमान नहीं जताया है।

गुलिस्तान न्यूज के मुताबिक अन्यों के हाथों में सत्ता की चाबी
लेकिन, गुलिस्तान न्यूज एग्जिट पोल के आंकड़ों में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में बीजेपी की अगुवाई वाली पहली सरकार बनने की संभावना छिपी हो सकती है। इस एग्जिट पोल में निर्दलीय और अन्य को 90 विधानसभा सीटों वाले सदन में 21 सीटें मिलने का अनुमान जाहिर किया गया है। मतलब, अगर इस एग्जिट पोल के अनुमान सही साबित हुए तो कोई भी सरकार बिना इनके सहयोग की नहीं बन सकती।
इंजीनियर राशिद, जमात की होगी सरकार बनाने में भूमिका-एग्जिट पोल
बता दें कि जम्मू और कश्मीर की 90 सीटों में से बारामूला के निर्दलीय सांसद इंजीनियर राशिद की अवामी इत्तेहाद पार्टी समर्थित 35 उम्मीदवार मैदान में हैं। जबकि, प्रतिबंधित जमात ए इस्लामी समर्थित 10 प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं। ये दोनों ही संगठन एक-दूसरे के साथ तालमेल में चुनाव लड़ रहे हैं। इन सबको नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी शुरू से बीजेपी की बी टीम बताते आए हैं।
निर्दलियों और अन्य को अब्दुल्ला और मुफ्ती बताते रहे हैं बीजेपी की बी टीम
हाल ही में नेशनल कांफ्रेंस नेता फारूक अब्दुल्ला ने इंडियन एक्सप्रेस के साथ एक इंटरव्यू में कहा था, 'ये सारे लोग जो उम्मीदवार हैं, वे बीजेपी के ए, बी और सी टीम हैं...सरकार के....मुझे उम्मीद है कि लोग बुद्धिमनी से फैसला करेंगे....वे (वोटर) जानते हैं कि उन्हें (इंजीनियर राशिद) हमारे वोट बांटने के लिए रिहा किया गया है....'
इसी तरह से पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती सवाल उठा चुकी हैं कि उनकी पार्टी इतनी पुरानी हो चुकी और हर जगह चुनाव लड़ने की स्थिति में नहीं है, फिर 35 सीटें (अवामी इत्तेहाद पार्टी को) लड़ने के पैसे कहां से आ रहे हैं?
निर्दलियों के समर्थन से बन सकती है बीजेपी की सरकार-एग्जिट पोल
गुलिस्तान न्यूज ने एग्जिट पोल के जो अनुमान दिए हैं, उसमें बीजेपी को 29, नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन को 34, पीडीपी को 6 और निर्दलीय और अन्य को 21 सीटें मिल सकती हैं। ऐसे में पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस के दावों पर यकीन करें तो इन परिस्थितियों में भाजपा सरकार बनाने के ज्यादा करीब हो सकती है।
इन अन्य में अपनी पार्टी और सज्जाद लोन की पीपुल्स कांफ्रेंस के भी उम्मीदवार हो सकते हैं और इन्हें भी विपक्षी पार्टियां बीजेपी के सहयोगी होने के चश्मे से ही देखती रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications