'जम्मू-कश्मीर में एक राजा बैठा है, नाम LG है', रामबन में बोले राहुल गांधी, स्टेटहुड वापस दिलाना का किया वादा
Rahul gandhi in ramban , कांग्रेस सासंद और एलओपी राहुल गांधी ने आज जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत की। राहुल गांधी ने जम्मू संभाग के रामबन में पहली जनसभा को संबोधित किया।
राहुल गांधी बीजेपी और नरेंद्र मोदी पर जमकर बरसे और जम्मू-कश्मीर के लोगों को स्टेटहुड वापस दिलाने का वादा किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी आज देश में नफरत फैला रही है। उनका काम नफरत फैलाने का है लेकिन हमारा काम मोहब्बत फैलाने का है।

'हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार स्टेटहुड छीना गया'
लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, पूरे देश में बीजेपी आरएसएस के लोग हिंसा फैला रहे हैं। लड़ाई दो विचारधाराओं में है। एक तरफ नफरत दूसरी तरफ मोहब्बत। हम कन्याकुमारी से चले। हमने नारा दिया, नफरत के खिलाफ मोहब्बत की दुकान खोलनी है। नफरत की काट मेाहब्बत से होती है। नफरत को मोहब्बत से हराया जा सकता है।
राहुल गांधी ने कहा कि, हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार स्टेटहुड छीना गया है। स्टेट को बांट कर दो स्टेट बना दिए गए। पहली बार राज्य को केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया। भारत में पहले ये काम कभी नहीं किया गया। जम्मू-कश्मीर को स्टेटहुड वापस दिलाना है। हमारा पहला कदम यही होगा। हम चाहते थे कि चुनाव से पहले स्टेटहुड मिले और इसके बाद चुनाव हो। बीजेपी ये नहीं चाहती है। वो चाहती है पहले चुनाव हो।
'आज कश्मीर का राजा LG है'
राहुल गांधी ने आगे कहा कि, केंद्र शासित प्रदेश को पहले राज्य बनाया गया... एक राज्य को खत्म कर दिया गया और लोगों के अधिकार छीन लिए गए। सबसे पहले जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा वापस करना होगा क्योंकि सिर्फ़ आपका राज्य ही नहीं छीना गया है, आपके अधिकार, आपकी संपत्ति, सब कुछ आपसे छीना जा रहा है। 1947 में हमने राजाओं को हटाकर लोकतांत्रिक सरकार बनाई, हमने देश को संविधान दिया। आज जम्मू-कश्मीर में राजा हैं, उनका नाम एलजी है। आपका धन छीनकर बाहर के लोगों को दिया जा रहा है। हमारा पहला कदम जम्मू-कश्मीर को स्टेट हुड वापस देने का हेागा। बीजेपी चाहे या न चाहे, इंडिया गठबंधन दबाव बनाएगा।
पीएम मोदी के 2 दोस्त- अंबानी और अडाणी
नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि, नरेंद्र मेादी ने पूरे देश में बेरोजगारी फैलाई है। आपने अडाणी जी का नाम सुना है। मोदी जी के मित्र है। संसद में मुझसे कहा गया कि मैं अडाणी और अंबानी का नाम नहीं ले सकते। तो मैंने उन्हें ए1 और ए2 नाम दिया। हम दो हमारे दो। नरेंद्र मोदी-अमित शाह और अंबानी-अडाणी की सरकार चल रही है। जो छोटे बिजनेस करता है उसके लिए मोदी जी नोटबंदी जीएसटी लाते हैं।
राहुल गांधी ने मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि, पूरी सरकार इन दो अरबपतियों के लिए चलाई जा रही है। आपका जो स्टेट हुड छीना गया है, उसका फायदा इन्हीं दोनों को दिया गया है। जो हालत देश में है, उससे खराब हालत जम्मू कश्मीर में है। यहां पर कांग्रेस पार्टी की सरकार आ रही है। जो डेली वेजेस का काम करते हैं, उनको हम परमानेंट करेंगे। उनकी आमदनी बढ़ाएंगे। हम सबको लेकर एकसाथ जम्मू कश्मीर की सरकार चलाएं, सबकी रिस्पेक्ट हो। जैसा मैंने बाकी देश में कहा- नफरत को मिटाना है, जहां भी यह नफरत की दुकान खोलेंगे, वहां हम मोहब्बत की दुकान खोलेंगे। आखिरी बात यह कहना चाहता हूं। इतनी सुंदर जगह है। चुनाव के बाद यहां आना पड़ेगा।
'पीएम मोदी जनता से डरते हैं'
राहुल ने पीएम मोदी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, नरेंद्र मोदी को कोई हरा नहीं सकता। नरेंद्र मोदी ने कहा था कि मैं भगवान से सीधी बात करता हूं। कांग्रेस का कोई नेता आए और कहे कि मैं डायरेक्ट भगवान से बात करता हूं तो मैं उनसे कहूंगा कि यह बात बाहर मत कहना। लेकिन देश का प्रधानमंत्री कहता है कि मैं नॉन बायलॉजिकल हूं। इस चुनाव में भगवान ने नरेंद्र मोदी को डायरेक्ट मैसेज दे दिया।
पीएम पर तंज कसते हुए राहुल ने कहा कि, आपको(मोदी) लगता है कि आप भगवान से डायरेक्ट बात करते हो, लेकिन भगवान जनता की राय सुनकर काम करता है। हमने मोदी को साइकलॉजिकल उड़ा दिया है। उनका कॉन्फिडेंस गायब हो गया है। उन्होंने पहले कहा- जाति जनगणना नहीं होगी। अब आरएसएस कह रही है कि, होनी चाहिए। लेटरल एंट्री पर भी वे बैकफुट पर आए। नरेंद्र मोदी हिंदुस्तान की जनता से डरते हैं। हम इन्हें सरकार से हटा देंगे।
राहुल ने कहा- हम चाहते हैं देश में भाई चारा हो। सबका सम्मान हो। एक दूसरे के साथ इज्जत से बात हो। जो कमजोर लोग है, उनको लगे कि देश में हमारी भी भागीदारी है। कर्जमाफी हमारा भी होता है। देश सिर्फ दो तीन लोगों के लिए नहीं चलता है। यही काम हम जम्मू कश्मीर में करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications